अब पटियाला के काली मंदिर में बेअदबी, रेलिंग फांदकर मूर्ति तक पहुंचा शख्स, CM ने दिए जांच के आदेश
नई दिल्ली, 24 जनवरी: पंजाब में बेअदबी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को पटियाला के ऐतिहासिक काली मंदिर में एक शख्स ने मूर्ति को छूने की कोशिश की, लेकिन वक्त रहते पुजारी ने उसे पकड़कर दूर कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। चुनावी मौसम होने की वजह से घटना पर सियासत शुरू हो गई है। जिस वजह से तुरंत मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी में भी जांच के आदेश दिए।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि आरोपी मास्क पहनकर खड़ा रहता है। कुछ ही सेकेंड में वो वहां लगी रेलिंग को पार कर गया। इसके बाद वो मूर्ति तक पहुंचा, लेकिन पुजारी ने उसे धक्का देकर नीचे कर दिया। जिस पर आसपास खड़े लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पटियाला के एसपी सिटी हरपाल सिंह के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 295-ए और 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना की खबर इलाके में आग की तरह फैली, जिस वजह से लोगों में आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। घटना के बाद सीएम चन्नी ने भी लोगों से शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्व पंजाब में विधानसभा चुनाव के पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सभी लोग एकजुट होकर रहें। साथ ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष ने की निंदा
वहीं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी इस घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मैं पटियाला के काली माता मंदिर में हुई बेअदबी की कड़ी निंदा करता हूं। कुछ बाहरी तत्व सिखों और हिंदुओं के धार्मिक स्थल में नफरत फैलाना चाहते हैं। आइए हम सभी शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ एकजुट रहें। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि ये कांग्रेस के शासन में पंजाब में बेअदबी के अनगिनत कृत्यों में से सिर्फ एक और है। कांग्रेस सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल है। उनके अलावा बीजेपी ने भी मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications