सिद्धू मूसेवाला का हत्यारा मुख्य शूटर भारत-नेपाल बॉर्डर से पकड़ा गया, जानिए कौन है?
चंडीगढ़। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाला मुख्य शूटर दबोच लिया गया है। वह भारत-नेपाल बॉर्डर पर अपने 2 साथियों के साथ पकड़ा गया है। पंजाब पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस बारे में जानकारी दी। डीजीपी ने बताया कि, मूसेवाला हत्याकांड का मुख्य शूटर बंगाल-नेपाल सीमा से हत्थे चढ़ा है। उसकी गिरफ्तारी केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में हुई। उस शूटर को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

पंजाब पुलिस को मिली 'बड़ी सफलता'
पंजाब के DGP गौरव यादव ने ट्वीट कर लिखा- 'आज पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मूसेवाला हत्याकांड में फरार आरोपी दीपक उर्फ मुंडी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मुख्य शूटर है, जिसने 29 मई 2022 के दिन मूसेवाला पर गोलियां चलाई थीं।'
DGP ने बताया कि दीपक के अलावा उसके दो साथियों कपिल पंडित और राजिंदर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के टि्वटर अकाउंट पर लिखा गया- 'मुख्यमंत्री के निर्देश पर ड्रग्स और गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। अब मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुनहगारों के खिलाफ यह एक बड़ी जीत है।'

मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य शूटर को पकड़ा
DGP यादव ने ट्विटर पर लिखा, "दीपक, कपिल पंडित और राजिंदर को एजीटीएफ की टीम ने बंगाल-नेपाल सीमा पर एक खुफिया-आधारित ऑपरेशन की परिणति में आज गिरफ्तार किया।" उन्होंने कहा कि दीपक बोलेरो मॉड्यूल में शूटर था, जबकि पंडित और राजिंदर ने हथियारों और ठिकाने सहित अन्य सहायता प्रदान की।

29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी
मालूम हो कि, 29 मई 2022 के दिन पंजाब के मनसा जिले के जवाहरके गांव में मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना पंजाब पुलिस द्वारा 424 लोगों की सुरक्षा कम करने के एक दिन बाद हुई थी। उससे पिछले साल दिसंबर में ही राज्य विधानसभा चुनाव से पहले मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हुए थे। कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बरार ने एक फेसबुक पोस्ट पर मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बरार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है, जो रैपर की हत्या का मुख्य संदिग्ध है।












Click it and Unblock the Notifications