पंजाब: PWD मंत्री ने किया रेलवे अंडरब्रिज का उद्घाटन, लाखों लोगों को फायदा, बाजार भी नजदीक हुआ
मोरिंडा। पंजाब के मोरिंडा में 22 करोड़ की लागत से बने रेलवे अंडरब्रिज का उद्घाटन किया गया है। इससे 30 हजार शहरवासियों एवं 60 गांवों के लोगों को फायदा होगा। सत्तारूढ़ आप के नेताओं ने बताया कि, पहले अंडरब्रिज का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करने वाले थे, हालांकि, उनके बजाए पीडब्ल्यूडी और बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने इसका उद्घाटन किया। इस दौरान स्थानीय विधायक डॉ. चरणजीत भी मौजूद रहे।

पंजाब के पीडब्ल्यूडी मंत्री हरभजन सिंह ने कहा कि, लोगों की सहूलियत के काम पहल के आधार पर किए जा रहे हैं। पुल बनने से लोगों की पुरानी मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि, यह प्रोजेक्ट रेलवे और पंजाब सरकार की 50:50 की लागत से साझेदारी के आधार पर तैयार किया गया है। कुल 22 करोड़ रुपए की लागत से पुल समेत सर्विस रोड के निर्माण का काम मुकम्मल होगा। बताया गया कि, अभी सर्विस रोड बनना बाकी है।

रेलवे की ओर से रेलवे लाइन के नीचे बॉक्स वाले हिस्से का निर्माण किया गया है और अंडरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड के साथ पहुंच मार्ग पंजाब लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाया गया है। वहीं, इस प्रोग्राम में शहर के एक पार्षद को छोड़ अन्य कोई पार्षद शामिल नहीं था। जबकि प्रोग्राम में कई कांग्रेसी और अकाली दल से संबंधित कार्यकर्ता उपस्थित थे। वहीं, प्रशासन की ओर से यहां डीसी रोपड़ डॉ. प्रीति यादव, मोरिंडा के एसडीएम जसवीर सिंह, नगर कौंसिल अधिकारी अशोक पथरिया उपस्थित थे।
बता दें कि, इस अंडरब्रिज के काम पूरा करने के लिए 6 माह का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन इसे 2 साल से भी ज्यादा का समय लग गया। बताया जा रहा है कि, इसको पूरा करने का लक्ष्य कई बार आगे बढ़ा और फिर उद्घाटन को लेकर 3 बार तारीख मिली। यह पुल पिछली कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का ड्रीम प्रोजेक्ट था, लेकिन चन्नी इसे अपने कार्यकाल में पूरा नहीं करवा पाए। अब इसका काम मौजूद विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पूरा करवाया है।फिलहाल अंडरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड बननी है। अंडरब्रिज चालू होने से दुकानदारों में खुशी है, लेकिन उन्होंने रेलवे रोड का रास्ता सीधा जोड़ने की मांग भी की है।












Click it and Unblock the Notifications