Punjab: अकाल तख्त की अहम बैठक, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां 14 अप्रैल तक रद्द
अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस ने ऑपरेशन तेज कर दिया है। इसको लेकर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं।

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके राज्य में ही कहीं छिपे होने की खबर है, जिस पर अब पंजाब पुलिस ने एक अहम फैसला लिया, जिसके तहत 14 अप्रैल तक राज्य के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अधिकारियों से कहा कि सभी राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी जाएं। इसके अलावा पूर्व में स्वीकृत की गईं सभी छुट्टियां भी कैंसिल की जाएं। डीजीपी ने साफ निर्देश दिए कि जिम्मेदार अधिकारी 14 अप्रैल तक कोई नई छुट्टी को मंजूरी नहीं दें।
दरअसल भटिंडा में शुक्रवार यानी आज अकाल तख्त की महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इसमें धार्मिक मुद्दों के साथ अमृतपाल सिंह पर भी चर्चा होगी। पुलिस, अमृतपाल और उसके समर्थकों की निगाह इस पर टिकी हुई है। वहीं अमृतपाल को लेकर पंजाब में पहले से ही अलर्ट जारी है।
'सरबत खालसा' बुलाने की अपील
वहीं दूसरी ओर फरार अमृतपाल सिंह ने दो वीडियो जारी किए थे, जिसमें उसने धार्मिक नेताओं से श्रद्धालुओं की सभा यानी सरबत खालसा बुलाने की अपील की थी। इसके अलावा उसने अमृतसर में अकाल तख्त से बठिंडा में दमदमा साहिब तक 'खालसा वहीर' निकालने और वहां पर धार्मिक सभा करने को कहा था।
अकाल तख्त ने क्या कहा?
वहीं अकाल तख्त के जत्थेदार ने इस पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सरबत खालसा के आयोजन का फैसला सिर्फ और सिर्फ अकाल तख्त ले सकता है। अमृतपाल उसे नहीं बुला सकता, वो सिर्फ उसकी निजी राय हो सकती है।
अमृतपाल का प्लान फेल
वहीं दूसरी ओर खबर आ रही कि अकाल तख्त ने श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो में 12 से 15 अप्रैल तक खालसा सजना दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया है। इसके अलावा गुरमति कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिससे साफ हो रहा कि सरबत खालसा नहीं बुलाई जाएगी।
क्या सरेंडर करेगा अमृतपाल?
अमृतपाल के साथियों को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उसका खास गुरु पप्पलप्रीत भी उससे अलग हो चुका है। ऐसे में माना जा रहा कि अब उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा। उसने धर्म की आड़ में भी बचने की कोशिश की, लेकिन वो प्लान भी फेल हो गया। ऐसे में अब उसके पास सरेंडर के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।












Click it and Unblock the Notifications