जन शिकायत कैंप का दौरा करने पहुंची पंजाब की मंत्री, अधिकारियों को दिए निर्देश
पंजाब की पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान ने कुरली स्थित हसनपुर और बोरली में लगे कैंप का दौरा किया। यहां उन्होंने लोगों की शिकायतों को सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा करने को कहा है। इसमे पीने के पानी में मौजूद गंदगी, सड़कों की मरम्मत जैसी शिकायतें अहम थीं।
अनमोल गगन ने इन शिविरों में लोगों की शिकायतों को सुना। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में राजस्व विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभाग ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग, पुलिस, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शासन सुधार विभाग, सांझ केंद्र, श्रम विभाग, पावरकॉम आदि अपनी 43 सेवाएं मौके पर दे रहे थे।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि जिन लोगों के स्मार्ट राशन कार्ड पंजाब सरकार ने बहाल कर दिए हैं उन्हें भी सरकार की घर-घर मुफ्त राशन योजना का लाभ पाने के लिए इन शिविरों में मौजूद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के पास आवेदन करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि खरड़ निर्वाचन क्षेत्र में नवीनतम योजना के तहत 5000 परिवारों ने इसका लाभ उठाया है।
इन शिविरों में एसडीएम खरड़ गुरमंदर सिंह, कुराली चेयरमैन मार्केट कमेटी हरीश राणा, ब्लॉक अध्यक्ष नवदीप सिंह, ब्लॉक प्रभारी अनु बब्बर और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications