घायल किसानों का हाल जानने पंजाब के अस्पताल पहुंचीं कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर
पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉक्टर बलजीत कौर ने पातरन हॉस्पिटल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां घायल किसानों का हालचाल लिया। साथ ही अस्पताल में घायल किसानों को किस तरह की सुविधा मिल रही है उसकी भी समीक्षा की।
इस दौरान बलजीत कौर ने कहा कि भगवंत मान सरकार का निर्देश है कि घायल किसानों को हर तरह की मेडिकल सुविधा मुहैया कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर बलबीर सिंह पटियाला में हैं और विधायक चरनजीत राजपुरा में हैं, वो यहां घायल किसानों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी कर रहे हैं। पंजाब सरकार घायल किसानों की हर संभव मदद कर रही है।

बता दें कि बुधवार को खनौरी सीमा पर पुलिस के साथ झड़प के दौरान किसान शुभकरन सिंह की मौत हो गई थी। जिसके बाद हालात काफी तनावपूर्ण हो गए। पिछले एक हफ्ते से चल रहे किसान आंदोलन में तीन किसानों की मौत हो चुकी है। इससे पहले दो बुजुर्ग किसानों की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।
वहीं किसान नेताओं और पंजाब सरकार के बीच एक बैठक के बाद किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ और बैठकें करने का निर्णय खनौरी में स्थिति का आंकलन करने के बाद ही लिया जाएगा। घंटे भर चली बैठक के बाद डल्लेवाल ने कहा अगर खनौरी में पुलिस कार्रवाई के कारण किसान की मौत हो जाती है, तो हम केंद्रीय मंत्रियों के साथ कोई बैठक नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications