Punjab Governor Resigned: पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने दिया पद से इस्तीफा, राष्ट्रपति को लिखा पत्र
Punjab Governor Resigned: पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित (Banwarilal Purohit) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) को भेज दिया है। पुरोहित ने शनिवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है।
बनवारी लाल पुरोहित ने निजी कारणों का हवाला देते हुए राज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया है। राष्ट्रपति को लिखे अपने पत्र में, पुरोहित ने कहा, "मेरे कारणों और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण, मैं पंजाब के राज्यपाल और प्रशासक, केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ के पद से अपना इस्तीफा दे रहा हूं। कृपया इसे स्वीकार करें।"

मालूम हो कि बनवारी लाल पुरोहित ने अगस्त 2021 में पंजाब के 36वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। उस वक्त पंजाब- हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि शंकर झा ने उनको पंजाब राजभवन में राज्यपाल के पद की शपथ दिलाई थी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से राज्यपाल और राज्य के सीएम भगवंत मान के बीच अलग-अलग मुद्दों पर जुबानी जंग चल रही थी।
पिछले साल अगस्त में बनवारीलाल पुरोहित ने सीएम भगवंत मान को कड़े शब्दों में एक पत्र भेजा था, जिसमें उन्हें चेतावनी दी गई थी कि अगर उनके पत्रों का जवाब नहीं दिया गया तो वह राज्य में राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर सकते हैं और आपराधिक कार्यवाही भी शुरू कर सकते हैं।
इससे पहले अक्टूबर में बनवारीलाल पुरोहित ने तरनतारन 'अवैध' खनन घटना के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक पत्र लिखा था और इसके बाद एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी।
पत्र में उन्होंने पुलिस में भ्रष्टाचार, विधायक के करीबी रिश्तेदार की अवैध खनन में संलिप्तता और पुलिस अधिकारियों के निलंबन और उसके बाद एसएसपी तरनतारन के तबादले के बारे में एक विधायक के आरोपों का भी जिक्र किया।
तीन बार रहे हैं लोकसभा सांसद
आपको बता दें कि बनवारी लाल पुरोहित तीन बार लोकसभा सांसद रहे हैं। 1984, 1989 और 1996 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने नागपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता। इतना ही नहीं उन्हें सबसे ज्यादा प्रश्नों के साथ सबसे सक्रिय लोकसभा सदस्य भी चुना गया।
महाराष्ट्र सरकार में रहे राज्य मंत्री
लोकसभा में जाने से पहले उन्होंने तीन बार विधानसभा चुनाव भी जीता है। 1978 में नागपुर पूर्व क्षेत्र से, 1980 में नागपुर दक्षिण से विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 1982 में उनको महाराष्ट्र सरकार में शहरी विकास, स्लम सुधार और आवास राज्य मंत्री की जिम्मेदारी मिली।












Click it and Unblock the Notifications