अवैध खनन के आरोपी पूर्व कांग्रेसी विधायक की गिरफ्तारी होने से तबियत बिगड़ी, PGI में भर्ती
पठानकोट/सरना। पंजाब में अवैध खनन के आरोप में गिरफ्तार किए गए भोआ के पूर्व कांग्रेसी विधायक जोगिंदर पाल अब पीजीआई में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि, गिरफ्तारी के बाद उनकी पुलिस कस्टडी में तबियत खराब हो गई। वह हांफने लगे। जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई में ले जाया गया।

चंडीगढ़ पीजीआई से ही जोगिंदर पाल की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी कराई गई। कोर्ट ने जोगिंदरपाल को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। बता दें कि, पुलिस ने उन्हें अवैध माइनिंग के आरोपों में 17 जून को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, उनकी पत्नी कृष्णा देवी के जमानत अर्जी पर 27 को सुनवाई होनी है। अधिवक्ता के मुताबिक, जोगिंदर की जमानत अर्जी पर भी सुनवाई होनी है। कल जोगिंदरपाल की सेहत बिगड़ी तो उन्हें पीजीआई में भर्ती करना पड़ा था। जोगिंदर पाल के खिलाफ यह कार्रवाई सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता की शिकायत मिलने पर हुई। बताया जा रहा है कि, जोगिंदर पाल की जमानत पर सुनवाई से एक दिन पहले ही पंजाब पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि, जोगिंदरपाल पिछले करीब 10 साल से कृष्णा स्टोन क्रशर संचालित करते रहे हैं। वह कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार के दौरान भोआ से विधायक रहे। एसएचओ शोहरत मान ने बताया कि, उन्हें अब कोर्ट में पेश किया जाएगा। आप के कार्यकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि, लगभग 25 साल पहले जोगिंदरपाल ने सुजानपुर कस्बे में छोटी सी इलेक्ट्रिक की दुकान (मोटर बाइंडिंग) की खोली थी जो कुछ ही साल में बड़ी हो गई। वर्ष 2008 में वह फिर पार्षद चुने गए तो उस बीच में उन्होंने भोआ हल्के की ओर रुख किया और मेहरा कलां में क्रशर यूनिट लगाकर क्रशर और माइनिंग कारोबार में शुरू कर दी। उसके बाद वर्ष 2017 में पहली बार भोआ से कांग्रेस ने टिकट दिया और विधायक बन गए। वहीं, उनकी पत्नी कृष्णा देवी भी सुजानपुर में 2015 में पार्षद बनी थीं। आरोप हैं कि, जोगिंदरपाल ने विधायक बनने के बाद सुंदरचक्क में बड़ी कोठी बनाई। हाल में जोगिंदरपाल की मुसीबत तब बढ़ी जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ने 7 जून को क्रशर के आस-पास माइनिंग की एक वीडियो वायरल कर माइनिंग अफसर से शिकायत कर दी। जांच में पाया गया कि, कांग्रेस के पूर्व विधायक 57 वर्षीय जोगिंदर पाल की घोषित संपत्ति 5 साल में 300% बढ़कर 18 करोड़ रुपए हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications