हिमाचल: मणिकर्ण गुरुद्वारा घटना पर पंजाब डीजीपी का ट्वीट, कहा- फेक न्यूज और अफवाहों पर ना दें ध्यान
मणिकर्ण गुरुद्वारा के पास पंजाबी पर्यटकों के हंगामे पर डीजीपी हिमाचल संजय कुंडू से पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बात की।

Himachal Sikh Tourist Ruckus: हिमाचल प्रदेश के मनाली के ग्रीन टैक्स को लेकर हुए हंगामे के बाद रविवार रात को कूल्लू के मणिकर्ण में पंजाब से आए सिख पर्यटकों ने हंगामा कर दिया। मणिकर्ण के गुरुद्वारा साहिब के पास पंजाब से आए पर्यटकों ने कथित तोड़फोड़ की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि झड़प के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस बीच अब पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गुरुद्वारा साहिब मणिकर्ण में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है।
डीजीपी ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को मणिकर्ण में मेले के दौरान पंजाब के तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पर्यटकों ने कुछ घरों और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। इस मामले में मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। कुल्लू एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और गुरुद्वारा परिसर को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपने ट्वीट में कहा, "मणिकर्ण साहिब में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और मैं लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह करता हूं। मैंने हिमाचल प्रदेश के डीजीपी से बात की है और पंजाब पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रही है।" उन्होंने कहा, "नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं, फर्जी खबरें या अभद्र भाषा ना फैलाएं।"
वहीं एक ट्वीट में हिमाचल पुलिस ने कहा, "सभी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों का हिमाचल प्रदेश में स्वागत है और पुलिस सभी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को परेशानी मुक्त यात्रा का आश्वासन देती है"। डीजीपी हिमाचल संजय कुंडू ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से बात की है।












Click it and Unblock the Notifications