पंजाब में डिप्टी सीएम रंधावा ने कहा- अगर सिद्धू को गृह मंत्रालय चाहिए तो मैं उनके चरणों में पद रख दूंगा
चंडीगढ़। पंजाब में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है सत्तारूढ़ दल कांग्रेस में अंतर्कलह बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में पंजाब के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में एक बयान देकर फिर से जाहिर कर दिया है कि पार्टी में अभी खींचतान जारी है। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि जब से वह पंजाब के गृह मंत्री बने हैं, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू बेहद परेशान हैं।

इसके अलावा सुखजिंदर सिंह ने कहा कि अगर नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब का गृह मंत्री बनना चाहते हैं तो वो ऐसा कहें। अगर वह ऐसा कहेंगे तो मैं खुशी-खुशी गृह मंत्री की कुर्सी उनके चरणों में रख दूंगा। बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ नवजोत सिंह सिद्धू ने जो अविश्वास प्रस्ताव लाया था उसमें सुखजिंदर सिंह को ही आगे किया था। इसके बाद कैप्टन ने इस्तीफा दे दिया। लेकिन सिद्धू को सीएम की कुर्सी नहीं मिली। फिर जब नए सीएम बनाने की बात आई तो खूब सारी बैठकें हुईं। इस दौरान यह चर्चा था कि सिद्धू के बेहद करीबी सुखजिंदर सिंह को पंजाब का सीएम बनाया जाएगा। लेकिन विधायक दल के नेता का चयन करने का जिम्मा पार्टी आलाकमान सोनिया गांधी को सौंप दिया। फिर पार्टी हाईकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बना दिया। चन्नी के कामकाज करने के तरीके से सिद्धू नाराज हो गए। उन्होंने आलाकमान को चेतावनी दे डाली। लेकिन पार्टी सुप्रीमो ने कड़ा रुख अपनाते हुए सिद्धू को ज्यादा भाव नहीं दिया जिसके चलते उनका तेवर नरम हो गया। हालांकि सुखजिंदर सिंह रंधावा के बयान से यह साबित हो गया है कि पार्टी में अभी कुछ भी ठीक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications