Punjab Chandigarh Cold Wave News: पाला पड़ने से फसलों पर खतरा, किसानों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट
Punjab Chandigarh Cold Wave News: उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। खासकर पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक इन क्षेत्रों में भीषण ठंड बनी रह सकती है। कुछ स्थानों पर पाला (Frost) पड़ने की भी संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए निर्देश दिया गया है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर पंजाब और चंडीगढ़ से सटे इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की मेड़ों, सूखी घास और वाहनों की खिड़कियों पर जमी बर्फ की परत साफ दिखाई दी। चंडीगढ़ और पंजाब के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता भी कम हो गई।

Punjab Chandigarh Cold Wave News: पाले से किसानों को भारी नुकसान
- कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, पाला जहां गेहूं की फसल के लिए कुछ हद तक फायदेमंद माना जाता है, वहीं सरसों, आलू, मटर, मूली और सब्जी फसलों के लिए यह बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है।
- पाले की वजह से फसलों की पत्तियां झुलस जाती हैं, पौधों की बढ़वार रुक जाती है और उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है। पाले के अलर्ट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
Chandigarh Cold Wave: किसानों के लिए अलर्ट
कृषि वैज्ञानिक डॉ. आनंद कुमार ने किसानों को सलाह दी है कि वे पाले से बचाव के लिए हल्की सिंचाई करें। सिंचाई से खेतों का तापमान थोड़ा संतुलित रहता है और पाले का असर कम किया जा सकता है। इसके अलावा, खेतों के चारों ओर धुआं करने और फसलों पर पॉलिथीन या घास ढकने जैसी पारंपरिक तकनीकों से भी नुकसान कम किया जा सकता है।
Punjab Chandigarh Cold Wave: 14 जनवरी के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 13 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और 14 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल के मुताबिक, अगले तीन दिन तक पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन ठंड पूरी तरह खत्म नहीं होगी। सरकार और प्रशासन ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने और किसानों से फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications