पंजाब में एडवोकेट जनरल एपीएस देओल का थमा बवाल, इस्तीफा मंजूर
चंडीगढ़, 09 नवंबर: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब कैबिनेट ने अटॉर्नी जनरल एपीएस देओल का इस्तीफा स्वीकार किया है। ऐसे में एपीएस देओल का इस्तीफा मंजूर होने के बाद साफ हो गया कि पंजाब सीएम ने नवजोत सिंह सिद्धू की मांग मान ली है। दरअसल, नवजोत सिंह सिद्धू लगातार एपीएस देओल के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, जिसके बाद आखिरकार नवजोत सिंह सिद्धू की जीत हुई है।

चरणजीत चन्नी और पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के जोइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम चन्नी ने बताया कि एडवोकेट जनरल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और कई अन्य मांगों पर भी सहमति व्यक्त की है। इससे पहले चन्नी कैबिनेट की ओर से देओल का इस्तीफा राज्यपाल को भेजा गया था और मंजूर होने के बाद आधिकारिक ऐलान किया गया।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के महाधिवक्ता एपीएस देओल ने 1 नवंबर को सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को अपना इस्तीफा सौंपा था। देओल को 27 सितंबर को अतुल नंदा के जाने के बाद शीर्ष पद पर नियुक्त किया गया था, जिन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद एडवोकेट-जनरल के रूप में पद छोड़ दिया था।
गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्य के कई अन्य पार्टी नेताओं के साथ एपीएस देओल की नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी। यहां तक की इसी विवाद के चलते सिद्धू ने अपना पीसीसी चीफ के पद से भी इस्तीफा दे दिया था।
Recommended Video
हालांकि बाद में जब उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लिया तो सूत्रों की मानें तो उन्होंने देओल के इस्तीफे की मांग रखी थी, जिसके बाद आज इस्तीफा मंजूर होने को सिद्धू की बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है। इधर, पंजाब सरकार ने 36,000 कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का फैसला किया है और दैनिक वेतन को बढ़ाकर 415.59 रुपए करने की मांगों पर भी सहमति जताई है।












Click it and Unblock the Notifications