पंजाब: 'BJP हर चीज का भगवाकरण-राजनीतिकरण कर रही', गणतंत्र दिवस पर झांकी रद्द करने पर AAP का हमला
Punjab News: आप पंजाब के नेताओं ने कहा कि झांकी में पंजाब के शहीदों के जीवन और इतिहास को दर्शाया गया है, जिन्होंने हमारे देश और हमारी आजादी के लिए अपनी जान दे दी। लेकिन सत्ता में पागल भाजपा हर चीज का भगवाकरण और राजनीतिकरण कर रही है। अब उन्होंने हमारी झांकी को खारिज कर दिया।
आप के वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हमने आजादी के लिए अपनी जान देने वाले पंजाब के शहीदों के जीवन और इतिहास को प्रदर्शित करने वाली झांकी तैयार की। लेकिन केंद्र सरकार ने इसे खारिज कर दिया। चीमा ने कहा कि भाजपा द्वारा पंजाब की झांकी को अस्वीकार करने का मतलब है कि वे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को महत्व नहीं देते हैं।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने कहा कि हमारे नायकों के बलिदान को छाया में छोड़ रहे हैं? हरजोत सिंह बैंस ने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि फांसी पर चढ़ने वाले 121 स्वतंत्रता सेनानियों में से 93 सिख और पंजाबी थे। इसी तरह, आजीवन कारावास की सजा पाने वाले 2646 स्वतंत्रता सेनानियों में से 2147 पंजाबी थे। लेकिन पंजाब को फिर से बाहर कर दिया गया है।
इसी तरह लालचंद कटारूचक्क ने कहा कि भगत सिंह, लाला लाजपत राय, उधम सिंह, सुखदेव को नजरअंदाज कर भाजपा अपनी झांकी दिखाना चाहती है। पंजाब के इतिहास, शहीदों और महिला सशक्तिकरण को प्रदर्शित करने वाली पंजाब की झांकी को केंद्र सरकार ने फिर से खारिज कर दिया जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह भी पढ़ें- पंजाब: हरभजन सिंह ईटीओ ने किया रक्तदान, बोले- साहिबजादों की शहादत सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत












Click it and Unblock the Notifications