पंजाब में हुए लाठीचार्ज पर हरियाणा में सियासत गरम, BJP नेता ने कसा तंज़ कहा- राहुल का ट्वीटर क्यों है बंद ?
हरियाणा के भाजपा नेता ने राहुल गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला बोला है। पंजाब में किसानों के एक समूह पर पुलिस लाठीजार्च के मामले में कांग्रेस की ‘चुप्पी’ पर हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने सवाल उठाए हैं
चंडीगढ़, सितंबर 3, 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सौ दिन सौ हलका कार्यक्रम के तहत मोगा दौरे पर थे जहां किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस मामले में हरियाणा के भाजपा (BJP) नेता ने राहुल गांधी और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला बोला है। पंजाब में किसानों के एक समूह पर पुलिस लाठीजार्च के मामले में कांग्रेस की 'चुप्पी' पर हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रस पार्टी अपने फ़ायदे के लिए किसानों का इस्तेमाल करती है।

हरियाणा के बीजेपी नेता ने खोला मोर्चा
करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज के बाद हरियाणा की भाजपा सरकार ने पंजाब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि पंजाब में जब पुलिस किसानों पर लाठी चार्ज करती है तो कांग्रेस नेता चुप्पी साध लेते हैं । वहीं उन्होंने राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया और कहा राहुल गांधी ने भी इस मामले की अनदेखी की और अभी तक न तो कोई बयान दिया है और ना ही इस मामले पर कोई ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों के कल्याण से कोई लेना देना नहीं है वह सिर्फ़ किसानों का इस्तेमाल करते हैं।
लाठीचार्ज पर ख़ामोश क्यों है कांग्रेस ?
हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने कहा कि देश में कहीं भी किसानों पर लाठीचार्ज होना सही नहीं है। लेकिन मोगा में लाठीचार्ज के बाद राहुल गांधी और हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की चुप्पी से ज़ाहिर होता है कि कांग्रेस किसान हितैषी होने का ढोंग करती है। दलाल ने तंज कसते हुए कहा कि -आज राहुल गांधी का ट्विटर बंद क्यों है? .वहीं उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों के लिए अच्छी नीतियां हैं। इसलिए राजस्थान और पंजाब के किसान भी हरियाणा में अपनी फसल बेचते हैं। दलाल ने कहा कि हरियाणा दूसरे प्रदेशों के मुकाबले में उन्नति पर है। यहां बेरोजगारी भी कम है और किसान भी खुश हैं।
मोगा रैली के दौरान हुई थी झड़प
आपको बता दें कि मोगा की अनाज मंडी में SAD अध्यक्ष की रैली के दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी झड़प हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाज़ी हुई जिससे दर्जन भर गाडियां भी टूट गईं और आधा दर्जन किसान और पुलिस मुलाजिमों को चोटें आई । वहीं पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया। यह किसान शिरोमणी अकाली दल बादल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का घेराव करने के लिए पहुंचे थे और रैली में जाना चाहते थे। मगर उन्हें रास्ते में रोक लिया गया। जिसके बाद पुलिस और किसानों में झड़प हो गई।
SAD ने स्थगित किए कार्यक्रम
हालांकि मोगा घटना के बाद SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने फिलहाल पंजाब में अपने कार्यक्रमों में छह दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। मोगा रैली के दौरान बिगड़े हालातों को देखते हुए अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम स्थगित करने का फ़ैसला लिया है। वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए सुखबीर सिंह बादल के प्रधान मीडिया सलाहकार ने कहा मोगा हिंसा के पीछे कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का नेताओं का हाथ है। शिरोमणि अकाली दल ने इसके सारे सबूत साझा कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कैप्टन केंद्र सरकार के साथ मिलकर पंजाब की शांति को भंग करना चाहते हैं और किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब: SAD ने AAP और कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप, मोगा हिंसा के पीछे AAP और कांग्रेस का हाथ












Click it and Unblock the Notifications