शादी के दिन दुल्हन का अपहरण, सिरफिरे प्रेमी के कब्जे से छुड़ाई गई युवती
श्री मुक्तसर साहिब। एकतरफा प्यार व उसे पाने की जिद ने एक युवक को जहां अपराधी बना डाला, वहीं वह अपनी जिद की वजह से अपने प्यार की जान का दुश्मन भी बन बैठा। सीसीटीवी फुटेज की वजह से इस पूरे मामला का खुलासा हो सका। यह घटना है पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब की, जो सिखों का प्रमुख स्थल होने की वजह से मशहूर है। शुक्रवार को यह शहर उस समय सुर्खियों में आया जब विवाह मंडप में बैठने की तैयारी कर रही एक युवती को सरेआम कुछ हथियारबंद युवकों ने सुबह करीब छह बजे ब्यूटी पार्लर से उठाकर अपहरण कर लिया व अपहरणकर्ता लापता हो गये।

वारदात में शामिल थे सात युवक
पुलिस की मुस्तैदी से सारा मामला सुलझा लिया गया। सारे मामले में सात युवक शामिल पाये गये हैं जिनमें दो की गिरफ्तारी फिरोजपुर छावनी क्षेत्र से हो चुकी है। इन युवकों के ही कब्जे से युवती को भी छुड़ा लिया गया है। पीड़िता को परिवार के लोगों को सौंप दिया गया है। शुक्रवार को घटी इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का महौल पैदा हो गया था और पुलिस के खिलाफ भी लोगों में गुस्सा पनपा था। लेकिन दिनभर की पुलिस की कसरत के बाद आरापियों की पहचान हो जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।

बोला था, उठा ले जाऊंगा
दरअसल, फाजिल्का के चक्क पालीवाला मोहला की रहने वाली बीस वर्षीय युवती पिछले कुछ दिनों से मुक्तसर के मेन बाजार में ब्यूटी पार्लर में आ रही थी व इसी दौरान तलविंदर सिंह उर्फ धिंदा उससे एकतरफा प्यार कर बैठा। युवती ने उसके प्रेम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इस दौरान तलविंदर ने धमकी दी कि वह उसे उठा कर ले जायेगा लेकिन समय के साथ बात आई-गई हो गई।
शादी के दिन अपहरण
इस दौरान युवती के परिजनों ने उसका विवाह तय कर दिया। जब इस बात की भनक तलविंदर को लगी तो उसने युवती को सबक सिखाने के लिये अपने दोस्तों के साथ सारी वारदात को अंजाम देने का ताना-बाना बुन लिया। युवती की शादी 25 जनवरी को मुक्तसर के स्प्रिंग विला पैलेस में पास ही के सुखना गांव के रहने वाले युवक के साथ होनी थी। युवती 25 जनवरी को सुबह करीब छह बजे मुक्तसर के गांधी चौक में एक पार्लर पर शादी के लिये तैयार होने के लिए आई। युवती के भाई कार से छोड़कर चले गए। वहां पर उसकी दादी व चाचा की लडक़ी थी। जैसे ही उसके भाई गए तो तलविंदर सिंह व उसके हथियारबंद साथी कार में सवार होकर आए। तीन कार के पास रुक गए और तीन पार्लर पर चले गए। उन्होंने जबरन वहां से युवती को उठा लिया और घसीटते हुये कार तक ले गये।

सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
हालांकि इस दौरान पारिवारिक सदस्यों व युवती ने भी इसका विरोध किया। लेकिन परिजनों को पिस्टल दिखाकर डरा दिया। एक बार तो युवती कार में से भी नीचे भी गिर गई, लेकिन फिर से जबरन उठाकर उन्होंने कार में धकेला और उसे लेकर मौके से फरार हो गए। लेकिन सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। पार्लर वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना सिटी प्रभारी अशोक कुमार, एसपीडी रणबीर सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की। तो आरोपियों के बारे में सुराग हाथ लगे। उसके बाद पुलिस आरापियों तक पहुंची व युवती को भी आरोपियों के कब्जे से छुड़ा लिया गया।

एसएसपी ने इस मामले पर कहा
मुक्तसर के एसएसपी मनजीत सिंह ढेसी ने बताया कि पुलिस ने पांच टीमें जांच के लिये बनाईं व करीब दस घंटों में ही सीसीटीवी फुटेज के सहयोग से मामला सुलझा लिया गया व अगवा की गई युवती भी फिरोजपुर कैंट के पास से बरामद कर ली गई है। जबकि दो युवकों बलजीत सिंह उर्फ बब्बू व हरप्रीत सिंह उर्फ हरमन निवासी कोटकपूरा रोड श्री मुक्तसर साहिब को भी गिरफतार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले कुल सात युवक थे। जिनमें से तलविंदर सिंह उर्फ धिंदा निवासी बन्नांवाली (फाजिल्का) व यादविंदर सिंह उर्फ यादू निवासी पांका (फाजिल्का) समेत तीन अज्ञात लोग अभी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार तलविंदर सिंह उर्फ धिंदा लंबे समय से लडक़ी को परेशान कर रहा था। एसएसपी ने बताया कि लडक़ी को परिजनों के हवाले कर दिया है जबकि काबू किए गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बाकी रहते आरोपियों को भी जल्दी ही काबू कर लिया जाएगा। इस अवसर पर उप कप्तान पुलिस गुरजीत सिंह व थाना सिटी प्रभारी अशोक कुमार भी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications