अमृतसर: डेढ़ साल से भारत में फंसे 98 पाकिस्तानी हिन्दुओं को भेजा वापस, अटारी-वाघा बॉर्डर से बस में बैठाया
अमृतसर, 05 सितंबर: भारत में कोरोना माहमारी के चलते व्यापार से लेकर अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। वहीं पर्यटन के क्षेत्र में भी पिछला वक्त काफी बुरे दौर से गुजरा है। पिछले करीब डेढ साल के ज्यादा के वक्त से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से बदल चुकी है। ऐसे में कोरोना महामारी से पहले भारत में आए 98 पाकिस्तानी हिन्दुओं को रविवार को अटारी-वाघा बॉर्डर से वापस उनके वतन भेजा गया।

अमृतसर में डेढ़ साल से कोरोना वायरस के चलते भारत में फंसे पाकिस्तान के 98 नागरिकों को अटारी-वाघा बॉर्डर से वापस भेजा जा रहा है। हिन्दू समुदाय का जत्था डेढ़ साल पहले पाकिस्तान से तीर्थ यात्रा के लिए भारत आया था और लॉकडाउन के दौरान ये लोग यहां फंस गए थे, जिसकी जानकारी देते हुए पुलिस प्रोटोकॉल अधिकारी अरुनपाल सिंह ने बताया कि अब स्थिति में सुधार होने के बाद उनको अपने देश के लिए रवाना कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि 98 लोगों के इस जत्थे का 3 सितंबर को लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट नहीं होने के कारण इन लोगों की वापसी में कुछ देरी हो गई।
वहीं पाकिस्तान में सिंध प्रांत के संघर जिले के मूल निवासी वजीर ने बताया कि हम पिछले साल हरिद्वार घूमने के लिए भारत आए थे, लेकिन कोरोना के बाद लगे लॉकडाउन के कारण वापस अपने देश नहीं जा सके, जिसके बाद हम जोधपुर में रहे। इसके साथ भी उन्होंने अपने कोरोना टेस्टिंग सहित कई सुविधा देने के लिए भारत सरकार का धन्यवाद भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications