पटियाला झड़प: इंटरनेट सेवा बहाल, केजरीवाल ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पटियाला, 30 अप्रैल: पंजाब के शहर पटियाला में शुक्रवार को दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया, जिसके मद्देनजर अब पटियाला में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं दूसरी तरफ जिले में कानून-व्यवस्था पर कंट्रोल करने की वजह से बंद की गई अस्थायी रूप से मोबाइल इंटरनेट सेवा को अब बहाल कर दिया गया है। पटियाला में शनिवार सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे के बीच मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं, लेकिन समय से पहले इसे बहाल कर दिया गया है। वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

दरअसल, हिंदू संगठन और खालिस्तानी समर्थक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के एक दिन बाद शनिवार को इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं थी। शुरुआत में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को शाम 6 बजे तक निलंबित रखा जाना था, लेकिन हालात सुधरने के बाद अब पटियाला में इंटरनेट और SMS सेवा बहाल कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक पटियाला में शुक्रवार दोपहर 'खालिस्तान विरोधी एक मार्च' को लेकर दो गुटों के बीच हो गई। इसमें दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोग घायल हो गए थे। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर जमकर पत्थर फेंके और तलवारें भी लहराईं। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामला शांत कराया, हालांकि स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि प्रशासन को कर्फ्यू तक लगाना पड़ा।
केजरीवाल ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के संयुक्त सम्मेलन में पत्रकारों से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा, 'जो लोग पंजाब की शांति को भंग करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।'
तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पटियाला रेंज, राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पटियाला, नानक सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरपाल सिंह का ट्रांसफर कर दिया गया है। अपने बयान में पंजाब सीएम ने कहा कि पटियाला में शांति हो चुकी है। इस मामले में शिवसेना, अकाली दल और कांग्रेस के वर्कर थे। ये मामला दो समुदाय का नहीं था बल्कि दो राजनीतिक पार्टियां के वर्कर आपस में लड़े थे। पुलिस अधिकारियों को बदल दिया गया है। शांति समिति की बैठक की गई है।
झड़प के बाद हुई शांति समिति की बैठक
मुख्यमंत्री ने झड़प की जांच के आदेश दिए हैं और पुलिस से किसी भी अपराधी को नहीं बख्शने को कहा है। उन्होंने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वीके भवरा से पटियाला के मौजूदा हालात पर करीबी नजर रखने और उन्हें लगातार अपडेट करने को कहा है। वहीं पटियाला में दो समुदायों के बीच शुक्रवार हुई झड़प के बाद शांति समिति की बैठक हुई। पटियाला की उपायुक्त साक्षी साहनी ने बताया, "सभी धर्मों के लोगों के साथ बैठक हुई है। बैठक अच्छी रही है। बैठक में सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने पर जोर दिया गया है।"
वहीं मुखविंदर सिंह छीना, IG, पटियाला ने बताया कि शुक्रवार को पटियाला में जो झड़प हुई उस मामले में पुलिस ने 6 FIR दर्ज की हैं। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले में 24 और आरोपियों की पहचान की गई है। इधर, शिवसेना (बाल ठाकरे) संगठन के नेता हरीश सिंगला - जो शिवसेना से जुड़े नहीं हैं, इस घटना में गिरफ्तार किए गए हैं। मान की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद शुक्रवार देर शाम पंजाब पुलिस ने उनको गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications