सरहद पार कर पंजाब के ऊपर मंडरा रहा था पाकिस्तानी ड्रोन, BSF ने बरसाईं गोलियां
अमृतसर। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारत में हथियार, ड्रग्स व जासूसी उपकरणों की तस्करी की खबरें आए रोज आती रहती हैं। पाकिस्तानी ड्रोन सरहदी इलाकों में जासूसी भी करते रहते हैं। इस बार उसका एक ड्रोन डेरा बाबा नानक बाॅर्डर पर पाक ड्रोन फैंसिंग और जीरो लाइन के बीच लगे सफेदे के पेड़ों के पास उड़ता दिखाई दिया। वह ड्रोन करीब 100 मीटर ऊंचाई पर था, तभी बीएसएफ के जवानों की नजर पड़ गई।

बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। 7 राउंड फायर किए गए, तब 55 सेकंड भारतीय सरहद पर रहने के बाद वो ड्रोन वापस लौट गया। बीएसएफ के जवानों ने कहा कि, ड्रोन पाकिस्तान का था। उसकी तरफ से हमारी ओर डेरा बाबा नानक और कलानौर में बार-बार ड्रोन भेजे जा रहे हैं। शुक्रवार अल सुबह 4:40 बजे फिर एक ड्रोन डेरा बाबा नानक बाॅर्डर से इस पार देखा गया। गोलीबारी होने पर वह लौट गया।
बीएसएफ के अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तानियों की करतूतों को देखते हुए 50 जवानों की टीम ने 2 घंटे सरहद के साथ सटे गांवों में सर्च आॅपरेशन चलाया।

अमेरिका में बैठे आतंकियों ने भेजे थे हथियार
कुछ दिन पहले विदेशी हथियारों का जखीरा भी पाकिस्तान से पंजाब में पहुंचाया गया था। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने पिस्टल की बड़ी खेप बरामद की। जिससे सूबे में आतंकी वारदातों को बढ़ाने के लिए टेरर फंडिंग व हथियार तस्करी की पाकिस्तानी साजिश बेनकाब हुई। पुलिस ने कत्थूनंगल के पास नाकेबंदी कर जगजीत सिंह उर्फ जग्गू निवासी पुरियां कला (बटाला) को आई-20 कार से 48 विदेशी पिस्टल समेत गिरफ्तार किया था। जग्गू का कनेक्शन पाकिस्तानी, अमेरिकी, कनाडा व ब्रिटेन आधारित भारत विरोधी-खालिस्तानी संगठनों से था। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए हथियारों की कीमत 4 करोड़ से ज्यादा थी। वे हथियार चीन, इटली व तुर्की मेड थे।












Click it and Unblock the Notifications