पंजाब में अब अकाली दल ने भी दिखाया दम, सुजानपुर में पार्टी में शामिल हुए 110 परिवार
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र शिरोमणि अकाली दल भी अलग-अलग रणनीति तैयार चुनावी अभियान में जुटी हुई है। हालांकि ज़्यादातर हलके में शिरोमणि अकाली दल को लोगों की नाराज़गी का शिकार होना पड़ रहा है
चंडीगढ़, सितंबर 30, 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र शिरोमणि अकाली दल भी अलग-अलग रणनीति तैयार चुनावी अभियान में जुटी हुई है। हालांकि ज़्यादातर हलके में शिरोमणि अकाली दल को लोगों की नाराज़गी का शिकार होना पड़ रहा है, बावजूद इसके शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल जनता की नाराज़गी को दूर करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता अपने-अपने हलके में घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसी क्रम में सुजानपुर में शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के साझे उम्मीदवार राज कुमार गुप्ता ने रैली का आयोजन किया। इस दौरान 110 परिवार शिरोमणि अकाली दल में शामिल हुए। वहीं पूर्व विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल है। हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहा है।

किसानों के समर्थन में बादल
शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल किसानों के साथ खड़ा होने का दावा करते नज़र आ रहे हैं। इसी बाबत सुखबीर सिंह बादल ने राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिगृहीत की जाने वाली जमीनों का किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिलाने समेत कई मांगों को लेकर अकाली दल की तरफ से ट्रैक्टर मार्च भी निकाला था। हालांकि पंजाब सीएम का आवास घेरने जा रहे अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया समेत दूसरे नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। ट्रैक्टर मार्च के दौरान सुखबीर सिंह बादल की अगुआई में काफ़ी तादाद में कार्यकर्ता जुटे। शिरोमणि अकाली दल ने चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस का घेराव करने की योजना बनाई थी। लेकिन पुलिस ने वाईपीएस चौक पर रैली को संबोधित करने के बाद सभी दिग्गज नेताओं को हिरासत में ले लिया।

'कम भुगतान कर धोखा कर रही सरकार'
शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए एक्वायर की जाने वाली जमीनों का भाव से बाजार से कई गुना कम दिया गया है। इससे किसानों में रोष है। वर्तमान सरकार की तरफ़ से किसानों को बाजार दर से काफी कम भुगतान करके धोखा कर रही है, जबकि ज़मीनों के दाम लगातार लगातार बढ़ रहे हैं। उहोंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के दौरान कंडी क्षेत्र के किसानों को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति प्रदान की गई थी, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार अब कंडी क्षेत्र के किसानों की मोटरों की आपूर्ति काटकर 8 घंटे करने जा रही है।

सुखबीर बादल ने सिद्धू पर कसा तंज़
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू पर तंज कसते हुए कहा कि सिद्धू 'मिसगाइडेड मिसाइल' है उसने कांग्रेस पार्टी को ही उड़ा दिया है। सिद्धू पंजाब को बचाना चाहते हैं तो वो मुंबई चले जाएं। उन्होंने कहा कि लगभग 2-3 महीने पहले मैंने एक बयान में सिद्धू एक मिसगाइडेड मिसाइल कहा था। मुझे नहीं पता कि वह किस पर गिरने और मारने वाला है। पार्टी अध्यक्ष बनते ही वह कैप्टन अमरिंदर सिंह पर गिरे और उन्हें बर्बाद कर दिया। अब अपनी ही कांग्रेस पार्टी पर गिर पड़े और पार्टी का सफाया कर दिया। जिसने उन्हें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाया उसे बर्बाद कर दिया, पूरा पंजाब सिद्धू के रवैये से वाक़िफ़ है। ऐसा नेता राज्य पर शासन करने के क़ाबिल नहीं है।
ये भी पढ़ें: पंजाब: CM चन्नी की जारी है चुनावी पारी, कैप्टन कर रहे बाज़ी पलटने की तैयारी, जानिए क्या है पूरा मामला ?












Click it and Unblock the Notifications