पंजाब में नए ट्रैफिक नियम अगले महीने से होंगे लागू, जानिए कहां-कितना बढ़ सकता है जुर्माना?
चंडीगढ़। नई सरकार बनने के बाद अब पंजाब में अगले महीने से नए ट्रैफिक नियम लागू हो सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से ओवरस्पीड और ड्रंकन ड्राइव पर शिकंजा कसने के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने का फैसला कर लिया गया है। वहीं, सरकार की भी पंजाब में नए ट्रैफिक नियम लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। आज बताया गया कि, यहां ट्रैफिक पुलिस की ओर से 203 एल्कोमीटर व उससे संबंधित 350 किट के अलावा 66 स्पीडो मीटर खरीदे जाएंगे।

यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना बढ़ाने के फैसले पर राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा कि, वे यातायात नियमों को तोड़ने वाले लोगों पर जुर्माने की राशि दोगुनी किए जाने हक में नहीं हैं। सरकार को इसमें बदलाव करना चाहिए। ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले लोगों को प्रशिक्षित किए जाने की जरूरत है, उन्हें मौका मिलना चाहिए। जिंपा ने कहा कि जितने का जुर्माना होता है उतने का तो वाहन ही होता है, इसलिए लोगों को दूसरा मौका जरूर मिलना चाहिए।

मंत्री जिंपा ने कहा कि, हमारे सूबे में वाहन चालक का लाइसेंस जब्त करने की प्रक्रिया सही है लेकिन जुर्माने की भारी-भरकम राशि उचित नहीं है। इससे आम आदमी परेशान हो जाएगा। लोगों को जुर्माने की राशि को चुकाने के लिए कर्ज तक लेना पड़ सकता है। यह उचित नहीं होगा।'
कितना जुर्माना बढ़ाने की तैयारी?
- मीडिया रिपोर्ट्स में यह बताया गया है कि, पंजाब में शराब पीकर गाड़ी चलाने पर पहली बार 5 हजार और दूसरी बार 10 हजार जुर्माना, साथ ही 3 महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है।
- - ओवर स्पीड गाड़ी चलाने पर पहली बार 1000 और दूसरी बार 2000 जुर्माना लेकिन दोनों बार 3-3 महीने के लिए लाइसेंस सस्पेंड।
- - ट्रैफिक सिग्नल जंप करने पर पहली बार 1000 और दूसरी बार 2000 जुर्माना, साथ ही 3- 3 महीने के लिए लाइसेंस सस्पेंड।
- - ड्राइविंग करते हुए मोबाइल के इस्तेमाल पर पहली बार 5000 और दूसरी बार 10000 जुर्माना, साथ ही तीन-तीन महीने के लिए लाइसेंस सस्पेंड।
- - दो पहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने पर पहली बार जुर्माना 1000 और दूसरी बार जुर्माना 2000 रुपये।
एडीजीपी ट्रैफिक एस श्रीवास्तव ने कहा कि, पंजाब में नए ट्रैफिक नियम तैयार हो गए हैं। जैसे ही राज्य सरकार का आदेश आएगा, उन्हें लागू कर दिया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications