पंजाब: कांग्रेस के सीएम फेस पर खींचतान के बीच नवजोत सिद्धू की पत्नी का बड़ा बयान
चंडीगढ़, 3 फरवरी: पंजाब में हो रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से सीएम फेस घोषित किए जाने को लेकर लगातार खींचतान देखने को मिल रही है। राज्य के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के बीच पार्टी का सीएम फेस बनने को लेकर मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। इस बीच नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और कांग्रेस नेता नवजोत कौर ने कहा है कि किसी के भी सीएम बनने से उनको कोई परेशानी नही है, अगर वो अपना काम ठीक से करता रहे।

नवजोत कौर ने गुरुवार को कहा, नवजोत सिंह सिद्धू प्रदेश के लोगों के हीरो हैं और हीरो रहेंगे। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अगला सीएम कौन होगा। केवल एक चीज मायने रखती है, वो ये कि जो भी सीएम हो वह मंत्रियों की बात सुने। जब उसके पास फाइल आए तो उन पर टाइम से दस्तखत करे और मंत्रियों को काम करने दे। कौर ने आगे कहा कि अगर कैप्टन अमरिन्दर सिंह इतना काम करते रहते तो उनसे भी किसी को कोई दिक्कत नहीं होती। कैप्टन ने काम ही नहीं किया और ना मंत्रियों की बात सुनी इसलिए उनका विरोध हुआ।
सीएम फेस पर जाखड़ का भी आया बयान
पंजाब में कांग्रेस के सीएम फेस को पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को कहा, जाहिर है कि केवल एक ही नेतृत्व करेगा लेकिन दूसरों की भी अपनी भूमिकाएं होंगी। उन्होंने कहा कि जब हम लीडरशीप की बात करते हैं तो ये सिर्फ मुख्यमंत्री तक सीमित नहीं है बल्कि एक टीम है।
पंजाब में 20 फरवरी को मतदान
पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है, सभी 117 सीटों पर एक चरण में ही 20 फरवरी को वोट पड़ेंगे। इसके बाद 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी और नतीजों का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि पंजाब में इस समय कांग्रेस की सरकार है। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए सरकार बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications