सीएम फेस को लेकर कलह: जाखड़ के बयान पर बोले सिद्धू- मुख्यमंत्री चुनना हमारे हाथ में नहीं
नई दिल्ली, 3 फरवरी: पंजाब में चुनावी घमासान जोरों पर है, जहां सभी दलों ने अपनी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इस चुनावी सीजन में भी कांग्रेस की आंतरिक कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही, जहां अब सीएम फेस को लेकर पार्टी नेता बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं। हाल ही में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने चरणजीत सिंह चन्नी को ही सीएम फेस घोषित करने की मांग की थी। जिस पर अब पीसीसी चीफ नवजोत सिंह सिद्धू का बयान सामने आया है।

अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए सिद्धू ने कहा कि ये सुनील जाखड़ पर निर्भर है कि वो क्या कहते हैं, लेकिन सीएम चुनना हमारे हाथ में नहीं है। जनता विधायक चुनेगी और विधायक सीएम चुनेंगे। हमें बस लोगों को एजेंडा देना है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी लड़ाई बिक्रम सिंह मजीठिया से नहीं है, बल्कि उनके बॉस सुखबीर सिंह बादल से है। कुछ चोर जमा हो गए हैं और डरते हैं कि सिद्धू आएंगे तो उनका पर्दाफाश हो जाएगा।
पत्नी ने कही ये बात
वहीं सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने गुरुवार को कहा कि उनके पति प्रदेश के लोगों के हीरो हैं और हीरो रहेंगे। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अगला सीएम कौन होगा। केवल एक चीज मायने रखती है, वो ये कि जो भी सीएम हो वो मंत्रियों की बात सुने। जब उसके पास फाइल आए तो उन पर टाइम से दस्तखत करे और मंत्रियों को काम करने दे। कौर ने आगे कहा कि अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह इतना काम करते रहते तो उनसे भी किसी को कोई दिक्कत नहीं होती। कैप्टन ने काम ही नहीं किया और ना मंत्रियों की बात सुनी, इस वजह से उनका विरोध हुआ।
ये था जाखड़ का बयास
पूर्व पीसीस चीफ जाखड़ ने कहा था कि हाईकमान जो तय करेंगे उसे सभी स्वीकार करेंगे, लेकिन मेरी राय है कि चन्नी को अवसर दिया गया है, तो उन्हें समय दिया जाना चाहिए ताकि वे काम करना जारी रखें। उन्होंने कहा कि चन्नी ने पिछले चार महीनों में अच्छा काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications