होशियारपुर में आए तेंदुए ने मचाया कोहराम, 2 बछड़ों को खा गया, 10 घंटे बाद ऐसे हुआ काबू
होशियारपुर। पंजाब में कंडी क्षेत्र के गांव फफियाल में एक तेंदुए के कारण कोहराम मच गया। तेंदुआ रविवार तड़के करीब 4 बजे गांव ढोलवाहा में दिखा। उसने 2 बछड़ों को नोंच खाया। एक घर में दाखिल होने पर पशुओं के बाड़े में घुस गया। उसे देखकर लोगों में चिल्ल-पौं मच गई। सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस टीम वन विभाग व वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट के कर्मियों के साथ तेंदुए को पकड़ने पहुंची। हालांकि, तेंदुआ होशियार निकला। वह कई घंटे इधर-उधर छिपता रहा। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद वह पकड़ा जा सका। दोपहर करीब 3 बजे उसे ढोलवाहा से पिंजरे में कैद कर गाड़ी से होशियारपुर में विभाग के दफ्तर ले जाया गया। रेस्क्यू टीम के एक मेंबर ने कहा कि, तेंदुए को कुछ चोटें आई होंगी तो उसका उपचार करेंगे। फिर उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।

बताते चलें कि, तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से लगातार ढोलवाहा और आसपास के पहाड़ी गांवों में विचर रहा था। वह लोगों के दुधारू पशुओं को निशाना बना रहा था। एक बुजुर्ग ने बताया कि, बछड़े खाने के बाद तेंदुआ गांव ढोलवाहा में रमनदीप के घर के अंदर घुस गया था और फिर वह पशुओं के लिए बनाए कमरे में जा घुसा था। आखिरकार वह पकड़ लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications