पंजाब: 'हरियाणा के कॉलेजों को PU में संबद्धता नहीं दी जाएगी', AAP ने जगदीप धनखड़ की मांग की निंदा की
Punjab News: आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के कॉलेजों को पंजाब विश्वविद्यालय (PU) में संबद्धता प्रदान करने के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के बयान की निंदा की है। आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रवक्ता मलविंदर कंग ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि जगदीप धनखड़ के इस मांग को हम अस्वीकार करते हैं।
आप प्रवक्ता ने कहा कि जगदीप धनखड़ पंजाब विश्वविद्यालय के चांसलर भी है और उन्होंने जो मांग उठाई है, वो पूरी तरह गलत है। हम इसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पीयू पंजाब की विरासत का प्रतीक है और हम इस पर अपना भावनात्मक और संवैधानिक अधिकार जताते हैं। किसी भी हरियाणा कॉलेज को संबद्धता नहीं दी जाएगी।

मलविंदर कंग ने कहा कि उपराष्ट्रपति को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए और भाजपा के पक्षपातपूर्ण एजेंट के रूप में कार्य करने से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने पंजाब के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ जी थोड़ा साहस जुटाएं और इस विश्वासघाती कदम की निंदा करें और पीयू की संरचना में बदलाव के खिलाफ खड़े हों।
उन्होंने कहा कि इसकी उम्मीद बेहद कम है। मुझे नहीं लगता सुनील जाखड़ इसके खिलाफ खड़े होंगे। लेकिन फिर भी मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि पीयू की संरचना में बदलाव के खिलाफ खड़े हों। पीयू पंजाब की विरासत का प्रतीक है। इसको बचाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।
बता दें कि उपराष्ट्रपति और पंजाब विश्वविद्याल के चांसलर जगदीप धनखड़ ने शनिवार को कहा कि वह पीयू के साथ हरियाणा के कॉलेजों की संबद्धता का मुद्दा मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामने उठाएंगे। जगदीप धनखड़ यहां विश्वविद्यालय के वैश्विक पूर्व छात्र सम्मेलन में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कॉलेज पहले पंजाब विश्वविद्यालय का हिस्सा हुआ करते थे। हरियाणा के कॉलेजों को संबद्धता प्रदान की जानी थी। मैं काम करूंगा और इस पर सर्वसम्मति बनाऊंगा।












Click it and Unblock the Notifications