अमेरिका से भारत लौटा सिख डॉक्टर, अमृतसर में कोरोना संक्रमित मरीजों का कर रहा है इलाज
अमृतसर, मई 10। देश इस वक्त कोरोना महामारी की दूसरी लहर के खिलाफ एक मुश्किल जंग लड़ रहा है। इस लड़ाई में सबसे बड़े योद्धा हमारे डॉक्टर हैं, जो पिछले डेढ़ साल से लगातार इस वायरस का डटकर मुकाबला कर रहे हैं, लेकिन अब हालात काफी मुश्किल हैं, क्योंकि देश के अंदर डॉक्टरों की भारी कमी भी देखने को मिल रही है। ऐसे में अमेरिका में काम कर रहे भारतीय मूल के डॉक्टर हरमनदीप सिंह बोपराई अपने वतन वापस लौट आए हैं। उन्होंने अमेरिका में नौकरी छोड़ दी है और इन दिनों वो अपने घर अमृतसर में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे हैं। 34 साल के भारतीय-अमेरिकी सिख डॉक्टर अपने होमटाउन में वापस आकर लोगों को वायरस को हराने में सहयोग दे रहे हैं।

अगला पड़ाव मुंबई का अस्पताल
अमृतसर में कोरोना संक्रमित मरीजों की मदद करने के बाद अब हरमनदीप सिंह का अगला पड़ाव मुंबई है, जहां एक 1,000 बेड वाला अस्पताल होगा। एक अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा मानवीय संगठन 'डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स' ने मुंबई के मरीजों का इलाज करने के लिए हरमनदीप से मदद मांगी है। इसके चलते वे सोमवार को मुंबई रवाना होंगे और अगले कुछ हफ़्तों के लिए यहीं काम करेंगे।
कौन हैं हरमनदीप सिंह ?
आपको बता दें कि हरमनदीप सिंह ने अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया है। वे 2011 में न्यूयॉर्क गए थे। डॉ. हरमनदीप, एक एनेस्थिसियोलॉजी (निश्चेतनाविज्ञान) और क्रिटिकल केयर के विशेषज्ञ हैं। एक अप्रैल को न्यूयॉर्क से अमृतसर लौटने के बाद उन्होंने यहां कई डॉक्टरों और नर्सों को प्रशिक्षण भी दिया है। खासकर यहां दुख निवारन अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों को डॉ. हरमनदीप ने न्यू यॉर्क के अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले तौर-तरीकों की ट्रेनिंग दी। उनका कहना है कि जब तक भारत में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक वह यहां के लोगों की मदद करना जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications