₹2 हजार करोड़ के घोटाले के आरोपी पूर्व मंत्री आशु को कोर्ट से झटका, रिमांड पर लिए गए
लुधियाना। पंजाब के पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशू की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कल उन्हें टैंडर घोटाले के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि, कोर्ट से भी आशू को झटका लगा है। कोर्ट द्वारा आशू को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जिला अटॉर्नी पुनीत जग्गी ने बताया कि, अब आशू रिमांड पर होंगे और उनसे घोटाले के आरोप में पूछताछ होगी। उसके बाद पंजाब विजिलेंस ब्यूरो उन्हें पुन: 27 अगस्त को कोर्ट में पेश करेगी।

पूर्व मंत्री आशु को कोर्ट से झटका
एक अधिवक्ता ने बताया कि, कोर्ट में आज विजिलेंस के वकील द्वारा जमकर बहस करते हुए कहा गया कि उपरोक्त घोटाले में पूर्व मंत्री से पुलिस हिरासत में पूछताछ करनी अति आवश्यक है। वहीं आशु के वकीलों ने कहा कि उन्हें सियासी बदले के तहत गिरफ्तार किया गया है किंतु उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है।' अधिवक्ता ने बताया कि, कथित ट्रांसपोर्ट टेंडर घोटाले में विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना पूर्व कांग्रेस मंत्री एवं पंजाब कांग्रेस के नेता भारत भूषण आशु को सी.जे.एम. सुमित मक्कड़ की कोर्ट में पेश की थी।

कल बिट्टू के घर से गिरफ्तार किया गया था
उन्हें कल ही पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के घर से गिरफ्तार किया था। इस बारे में लुधियाना (विजिलेंस) के एसएसपी रविंदर पाल सिंह संधू ने जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि, भारत भूषण आशू पर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए टैंडर घोटाले में लिप्त होने के आरोप थे। शिकायतें मिलने पर उनके खिलाफ पंजाब विजीलेंस ब्यूरो सबूत जुटा रही थी।

कैसे 2 हजार करोड़ रुपए के टैंडर घोटाले से जुड़े?
बता दें कि, भारत भूषण आशू से जुड़े ठिकाने पर कुछ दिनों पहले ही पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने जालंधर में जांच की थी। आशू पर आरोप हैं कि, वह 2 हजार करोड़ रुपए के टैंडर घोटाले से जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि, कुछ समय पहले विजीलेंस ब्यूरो की टीम जालंधर के आर.टी.ए. दफ्तर पहुंची थी, जहां खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सामान की ढुलाई व सप्लाई को लेकर दर्ज वाहनों के पंजीकरण की पड़ताल की। इसके अलावा टीम ने लुधियाना में भी मामला दर्ज किया। उसके बाद कल 2 हजार करोड़ रुपए के टैंडर घोटाले के आरोपी की गिरफ्तारी लुधियाना से ही हुई है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने इससे पहले बुधवार को आशू के पी.ए. मीनू मल्होत्रा के घर पर छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार हो गया था। उसकी भी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications