आज 16वीं पंजाब विधानसभा का पहला सत्र, नए विधायकों की शपथ, होली के बाद चुनेंगे स्पीकर
चंडीगढ़। शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में करीब डेढ़ लाख लोगों की मौजूदगी में भगवंत मान ने पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आज 16वीं पंजाब विधानसभा का पहला सत्र शुरू होगा। इस बारे में विधानसभा द्वारा निर्धारित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी किए गए कार्यक्रम के मुताबिक, 17 मार्च को 16वीं विधानसभा का पहला सत्र शुरू होगा, जो कि 22 मार्च तक चलेगा।

सुबह 11 बजे से शुरू होगा सत्र
आज सत्र के पहले दिन सदन 11 बजे शुरू होगा और नए चुने गए विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। जहां सभी दलों के विधायक शपथ ले सकते हैं। बता दें कि, अकेले आम आदमी पार्टी (आप) के पास ही 92 विधायक हैं। जबकि, पंजाब में कुल विधानसभा सीटों की संख्या 117 है। जिसमें सबसे ज्यादा सीटें आप ने ही जीतीं। इसके अलावा कांग्रेस को 18 और भाजपा को 2 सीटें मिली हैं। शिअद भी 3 सीटें जीत पाई।

21 मार्च को होगा स्पीकर का चुनाव
होली के कारण कल यानी 18,19 व 20 मार्च को छुट्टी रहेगी। इसके कारण कोई बैठक नहीं होगी। हालांकि, उसके अगले दिन 21 मार्च को स्पीकर का चुनाव किया जाएगा। बता दें कि, अमृतसर के साउथ हलके से चुनाव जीत कर विधायक बने आम आदमी पार्टी (आप) के इंदरबीर निज्जर को बुधवार को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित प्रोटेम स्पीकर के तौर पर शपथ दिला चुके हैं। उन्हें सदन में सबसे वरिष्ठ होने के नाते यह जिम्मेदारी दी गई है।
Recommended Video

कैसे संभाला सीएम पद का चार्ज?
भगवंत मान ने बुधवार दोपहर को पंजाब में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उसके बाद वह राजधानी चंडीगढ़ आए और काम शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि, उन्होंने सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री कार्यालय में 4:15 बजे चार्ज संभाला। इस दौरान वहां जश्न जैसा माहौल था और हर तरफ़ और बालकनी में खड़े कर्मचारियों की तरफ से मान का हार्दिक स्वागत किया गया।

दूसरे सबसे युवा सीएम हैं मान
मान पंजाब के दूसरे सबसे युवा सीएम हैं। उनसे पहले यहां प्रकाश सिंह बादल ने ही सबसे कम उम्र में शपथ ली थी। मान 48 साल के हैं। उन्होंने 2 बार शादी की। उनकी पूर्व पत्नी भी शपथ समारोह में आई।












Click it and Unblock the Notifications