पंजाब: ED ने रेत खनन मामले में पूर्व सीएम चन्नी के भतीजे के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
जालंधर, 3 अप्रैल: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे के खिलाफ अवैध रेत खनन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चार्जशीट दायर की है। एजेंसी ने 31 मार्च को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत पंजाब में स्पेशल प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) जज रूपिंदरजीत चहल की कोर्ट में दायर चार्जशीट में एक और व्यक्ति का नाम भी लिया। वहीं कोर्ट ने मामले में सुनवाई की अगली तारीख 6 अप्रैल तय की है।

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, संघीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 3 (मनी लांड्रिंग अपराध), 4 (मनी लांड्रिंग के लिए सजा), 44 (विशेष अदालतों द्वारा विचारणीय अपराध) और 45 (संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध) के तहत आरोप लगाया है। एजेंसी ने चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह उर्फ हनी और उसके सहयोगी कुद्रतदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। ईडी ने हनी को 3 और 4 फरवरी की दरम्यानी रात को गिरफ्तार किया था और नियम के मुताबिक एजेंसी को उसके खिलाफ 60 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करनी थी।
बता दें कि ईडी ने पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले 18 जनवरी को हनी और अन्य के खिलाफ 10 जगहों पर छापेमारी की थी। ईडी ने कथित अवैध रेत खनन मामले में कथित भू-माफिया हनी के आवासीय परिसरों से 10 करोड़ रुपए से अधिक, 21 लाख रुपए से अधिक कीमत का सोना और 12 लाख रुपए की रोलेक्स घड़ी भी जब्त की है। ईडी ने मोहाली, लुधियाना, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब और पठानकोट में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर आरोपी व्यक्तियों और उनके सहयोगियों के व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर दो दिवसीय छापेमारी समाप्त होने के बाद बरामदगी की घोषणा की थी।
एजेंसी ने 18 और 19 जनवरी को पिंजौर रॉयल्टी कंपनी के मालिक कुदरतदीप सिंह और उनके सहयोगियों और शेयरधारकों कंवरमहिप सिंह, मनप्रीत सिंह, सुनील कुमार जोशी, जगवीर इंदर सिंह सहित आरोपी व्यक्तियों और उनके सहयोगियों के परिसरों पर भी छापेमारी की थी। प्रोवाइडर्स ओवरसीज कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक रणदीप सिंह और भूपिंदर सिंह और संदीप कुमार सहित इसके अन्य निदेशकों और शेयरधारकों के परिसरों पर भी छापेमारी की गई। इसके बाद जिन जगहों की तलाशी ली गई, उनमें हनीज होमलैंड हाइट्स सोसाइटी का मोहाली के सेक्टर-70 स्थित आवास भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications