प्रवासी भारतीय दिवस की सीएम भगवंत मान ने दी बधाई
प्रवासी भारतीय दिवस के मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुनिया के अलग-अलग देशों में रह रहे भारतीयों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाबी प्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार आपके अमूल्य योगदान को स्वीकार करती है। आप भौगोलिक दूरियों के बावजूद पंजाब का अभिन्न अंग बने हुए हैं। आपके बहुमूल्य योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।
बता दें कि हर वर्ष 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन भारतीयों के लिए विशेष रूप से समर्पित है जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहकर भारत का मान बढ़ा रहे हैं और भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं। दरअसल आज के ही दिन महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत आए थे और उन्होंने देश के लिए स्वतंत्रता आंदोलन की शुरुआत की थी।

महात्मा गांधी ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाते हुए पूरे देश के इतिहास को बदलने का काम किया था। यही वजह है कि आज के ही दिन को प्रवासी भारतीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाए जाने की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने की थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 जनवरी 2003 में पहली बार इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी। वर्ष 2023 में 17वां प्रवासी भारतीय दिवस इंदौर में मनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications