भगवंत मान की अपील, लोकसभा चुनाव में हम सभी को मिलकर एक मिसाल पेश करनी है
विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आचार संहिता लग जाने के बाद हर पार्टी का यह लोकतांत्रिक अधिकार है वह अपनी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाए। मैं कहना चाहूंगा कि आप सभी की सुनें, जिसकी बातें को आपको अच्छी लगे, जिसकी योजनाएं आपको अच्छी लगें उसे अपना वोट दीजिए।
पंजाब में सबकुछ शांतिपूर्ण है, लेकिन फिर भी हम सुरक्षा का अच्छा प्रबंध करेंगे ताकि प्रदेश में किसी भी तरह की अशांति ना हो। आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग ही संचालक होता है। मैं सभी दलों को चुनाव अभियान के लिए शुभकामनाएं देता हूं, हम सभी मिलकर लोकतंत्र को मजबूत करें। हमें लोगों को उदाहरण पेश करना चाहिए कि किसी भी तरह का क्लैश चुनाव प्रचार के दौरान ना हो।

कई बार ऐसा होता है कि एक ही समय में आमने-सामने स्पीकर लगाकर चुनाव प्रचार का कार्यक्रम करते हैं, ऐसे में कई बार लोग एक दूसरे से भिड़ जाते हैं। लिहाजा हमें ऐसा नहीं करना चाहिए, एक दूसरे से किसी भी तरह का टकराव नहीं करना चाहिए। देश का मीडिया यहां आए, वो कहें कि पूरे देश में पंजाब में सबसे शांतिपूर्ण अभियान चल रहा। चुनाव देश का लोकतांत्रिक मेला है, लिहाजा जिसे भी इस मेले को देखना है, उसे यहां आना चाहिए।
हमे सभी की संवेदनशीलता का ध्यान देना चाहिए। हमे एक दूसरे पर निजी हमले नहीं करना चाहिए। पार्टियों पर आप खूब हमले कीजिए, उनकी कमियों को गिनाइए, लेकिन निजी हमले ना करें। मैं अपने भी सभी प्रचारक, कार्यकर्ताओं से अपील करूंगा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ, उनके परिवार के खिलाफ कुछ नहीं कहना है। हम एक दूसरे की तुलना कर सकते हैं, उन्होंने यह नहीं किया, वो हम करके दिखाएंगे। अगर हम ऐसा करते हैं तो पूरे देश में सीना तानकर कह सकते हैं कि बाहर से कोई भी हमला करे तो हम इकट्ठा है।
पिछले चुनाव में कई बार ऐसा हुआ कि टकराव निजी हो गया। ऐसा हो जाता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम एक दूसरे के दुश्मन हैं। मुझे उम्मीद है कि पारदर्शी चुनाव होगा। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। वोटर कार्ड आपको खैरात में नहीं मिली है, भगत सिंह, शहीद उद्धम सिंह जैसे हजारों क्रांतिकारियों ने आपको आजादी दिलाई है, जिसके बाद आपको ये वोटर कार्ड मिला है। लिहाजा किसी लालच के चलते इसका दुरुपयोग ना करें, आप जिसे चाहते हैं उन्हें वोट करें, ताकि हमारे शहीदों की आत्मा को शांति मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications