Punjab: सीएम भगवंत मान ने किया फिरोजपुर में रोड शो, दलितों की स्कॉलरशिप को लेकर कही यह बात
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को लोकसभा क्षेत्र फिरोजपुर के जलालाबाद में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और केंद्र की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम भगवंत मान ने दलित छात्रों की स्कॉलरशिप में घपले करने का आरोप लगाया।
भगवंत मान ने कहा कि आज भी हम दलित परिवारों के घरों की स्थिति से भलीभांति परिचित हैं, हम बिना भेदभाव के हर समाज के लिए काम कर रहे हैं,जबकि अपने ही समाज को लूटने वाले विरोधी आज हम पर उंगली उठा रहे हैं।

सीएम भगवंत मान ने पंजाब की सत्ता पर काबिज होने के बाद के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब मैंने फाइलें खंगालीं, तो पता चला कि दलितों की स्कॉलरशिप खा ली गई है। उन्होंने कहा कि स्कॉलरशिप दो तरह की होती है, एक प्री-मैट्रिक के लिए और एक पोस्ट-मैट्रिक के लिए, जिसमें 30 % पंजाब सरकार देती है,जबकि 70 फीसदी देने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होती है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर केंद्र के साथ साठगांठ करके स्कॉलरशिप की राशि गबन करने का आरोप लगाया।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि मेरे पास अब तक पंजाबियों को दी गई 43000 नौकरियों का पूरा रिकॉर्ड है। सभी युवा लड़के-लड़कियों ने पंजाबी का लिखित पेपर पास कर लिया है और सरकारी नौकरी पा ली है। अगर किसी बच्चे की पढ़ाई का एक साल बर्बाद हो जाता है, तो जीवन का एक साल बर्बाद हो जाता है,इसलिए हमने कॉलेजों से कहा है कि पोस्ट-मैट्रिक या प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप के कारण किसी भी बच्चे का रोल नंबर या उसका कोई सर्टिफिकेट नहीं रोका जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें पंजाब सरकार देगी महिलाओं को 1 हजार रुपये प्रतिमाह, सीएम भगवंत मान ने बताया अपना प्लान












Click it and Unblock the Notifications