भ्रष्टाचार मामले में फंसे पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला के खिलाफ चार्जशीट
मोहाली। पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। उनके खिलाफ यह चार्जशीट मोहाली कोर्ट में दाखिल की गई। कोर्ट में चार्जशीट डीएसपी बिक्रम बराड़ ने दायर करवाई। विजय सिंगला पंजाब सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे, जहां उनके खिलाफ करोड़ों के टेंडर में एक प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप है। इस मामले में घिरने के बाद विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था।

इस प्रकरण की एक खास बात यह है कि, विजय सिंगला के रिश्वत मामले का खुलासा खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया था। जिसके बाद सिंगला को रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना मई के महीने की है। सिंगला को जेल हो गई थी। काफी दिनों बाद उन्हें जमानत मिली। बीती 8 जुलाई को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से सिंगला को जमानत मिली थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, सिंगला के साथ ओएसडी प्रदीप के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ था। हालांकि, मोहाली कोर्ट में केवल सिंगला के खिलाफ ही चार्जशीट दायर की गई है। 24 मई को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया था। उसी मामले में उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया था। बताया जाता है कि, सिंगला के इस्तीफा देने के बाद सरकार ने ही केस दर्ज करवाया था।












Click it and Unblock the Notifications