केंद्र सरकार के फ़ैसले पर घिरी AAP, विपक्ष ने कहा- पंजाब को नजरअंदाज करना मान सरकार की असफलता
केंद्र द्वारा कमेटी के गठन को लेकर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए, वड़िंग ने कहा कि यह मात्र आंखों का धोखा और भद्दा मजाक है।
चंडीगढ़, 19 जुलाई 2022। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर हाल ही में गठित कमेटी में उसकी कानूनी गारंटी का जिक्र ना किए जाने के संदर्भ में देश और खासकर पंजाब के किसानों के साथ भद्दा मजाक करने को लेकर केंद्र सरकार की निंदा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी मामले को गंभीरता के साथ केंद्र के समक्ष पेश करने में विफल रहने को लेकर निशाना साधा है। जिसका नतीजा यह निकला कि केंद्र सरकार ने कमेटी गठित करते हुए पंजाब को पूरी तरह से नजरअंदाज किया। यह इस सरकार में काबलियत व विश्वसनीयता की कमी को दर्शाता है।

कमेटी का गठन आंखों का धोखा और भद्दा मज़ाक- वड़िंग
केंद्र द्वारा कमेटी के गठन को लेकर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए, वड़िंग ने कहा कि यह मात्र आंखों का धोखा और भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि किसानों की मूल मांग अलग-अलग फसलों पर एमएसपी की गारंटी है, क्योंकि इस बात को लेकर आशंका है कि केंद्र की एनडीए सरकार शायद इस (एमएसपी) व्यवस्था को खत्म कर सकती है।लेकिन इसे लेकर एमएसपी पर कानूनी गारंटी का कोई जिक्र नहीं किया गया है जिस पर उन्होंने कहा कि यह देश के किसानों के साथ पूरी तरह धोखा है, क्योंकि उन्होंने 1 साल तक चला अपना धरना सिर्फ इस भरोसे पर खत्म किया था कि कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें उनकी अन्य मांगों सहित एमएसपी पर कानूनी गारंटी भी शामिल होगी।

किसानों के लिए आम आदमी पार्टी ने कुछ भी नहीं किया
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब की आप सरकार और उसकी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए, कहा कि हमारी पार्टी की कांग्रेस सरकार ने पहले इन तीनों कानूनों को रद्द किया था और फिर किसानों के प्रदर्शनों को समर्थन दिया था व उन्हें हर तरह से नैतिक समर्थन दिया था, जिसके चलते भारत सरकार को इन तीनों कानूनों को वापस लेना पड़ा, जबकि इसके विपरीत आप ने कुछ नहीं किया। उन्होंने पंजाब की आप सरकार को चुनौती देते हुए ऐसा भी एक अवसर दर्शाने को कहा है, जब उसने केंद्र सरकार को धरना उठाते वक्त किसानों को दिए गए भरोसों को लेकर संपर्क किया हो।

"सस्पेंशन ऑफ बिजनेस" नोटिस दिए जाने पर वड़िंग ने ली चुटकी
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि मान सरकार से कहा कि प्रधानमंत्री या केंद्रीय कृषि मंत्री से बैठक तो दूर, क्या आपने कभी एक पत्र भी लिखा है। जबकि इन्होंने मुद्दे को भुला दिया है और उसे पीछे धकेल दिया है, क्योंकि चुनाव जीतने को लेकर इनका असली उद्देश्य पूरा हो गया है। वड़िंग ने आप सांसद राघव चड्ढा द्वारा मुद्दे पर चर्चा हेतु राज्यसभा में "सस्पेंशन ऑफ बिजनेस" नोटिस दिए जाने पर भी चुटकी ली। जबकि 4 महीनों के दौरान आप इसे भूल गए थे और अब ऐसा जताने की कोशिश कर रहे हैं, जैसे आपको बहुत चिंता है।
ये भी पढ़ें: पंजाब में नए ट्रैफिक नियम अगले महीने से होंगे लागू, जानिए कहां-कितना बढ़ सकता है जुर्माना?












Click it and Unblock the Notifications