कांग्रेस विधयाक वेरका बोले- कैप्टन और सिद्धू में मनमुटाव नहीं, आरोप-प्रत्यारोप से कर रहे हैं चुनावी रिहर्सल
डॉ. राजकुमार से जब यह सवाल किया गया कि विपक्ष तीन रुपये यूनिट बिजली को मुद्दा बनाते हुए यह कह रहा है कि अभी भी तो कांग्रेस की ही सरकार है तो बिजली की दरों में कमी क्यों नहीं की जा रही है।
चंडीगढ, अगस्त 17, 2021। पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कमर कस चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में पंजाब कांग्रेस के विधायक डॉ. राजकुमार वेरका ने वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए कांग्रेस पार्टी की रणनीतियों और कांग्रेस में हो रही खेमेबाज़ी से पर्दा उठाया।

'युवाओं को आगे बढाना है'
कांग्रेस विधायक राजकुमार वेरका ने कहा की 2022 विधानसभा के लिए कांग्रेस की पूरी तैयारी हो चुकी है। 2022 में फिर से पंजाब कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के युवाओं को टिकट देने वाले सवाल पर विधायक डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि बिल्कुल नवजोत सिंह सिद्धू के पास अधिकार है की वह युवाओं को टिकट दे सकते हैं। कांग्रेस पार्टी पहले से यह फ़ैसला है कि युवाओं को आगे बढ़ाना है, कांग्रेस पार्टी का यह मिशन है, पार्टी इस पर काम करेगी।
'पार्टी में किसी तरह का मनमुटाव नहीं'
'चुनाव के दौरान शोपीस की तरह इस्तेमाल किया जाता है और चुनाव के बाद अंदेखी कर दी जाती है' नवजोत सिंह सिद्धू के इस बयान पर इशारा सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ़ के सवाल पर विधायक डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि नहीं ऐसा कुछ भी नहीं है। पार्टी और सरकार का आपस में तालमेल अच्छा है, दोनों साथ मिल कर काम कर रहे हैं। पार्टी और सरकार के बीच में किसी तरह का मनमुटाव नहीं है।
'जनता के लिए सरकार समर्पित है'
डॉ. राजकुमार वेरका से जब यह सवाल किया गया कि विपक्ष तीन रुपये यूनिट बिजली को मुद्दा बनाते हुए यह कह रहा है कि अभी भी तो कांग्रेस की ही सरकार है तो बिजली की दरों में कमी क्यों नहीं की जा रही है। इस पर उन्होंने कहा कि देश भर में सिर्फ़ पंजाब सरकार ही एक सरकार है जो किसानों और दलितों को बिजली मुफ़्त में दे रही है। 33 फिसद महिलाओं को सरकारी नौकरी में रिज़र्वेशन पंजाब सरकार दे रही है। पंजाब सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है, पहले ऐसी सरकार है जो जनता के हितों के लिए समर्पित है।
'कैप्टन और सिद्धू करतें हैं चुनावी रिहर्सल'
कांग्रेस पार्टी किसी के साथ गठबंधन करेगी इस सवाल पर डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का परिवार बहुत बड़ा है, हम अपने आप में ही एक गठबंधन है। पार्टी की किसी के साथ भी गठबंधन की संभावना नहीं है। जब विधायक राजकुमार वेरका से पूछा गया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अपनी ही पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते नज़र आते हैं तो कभी सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह आला कमान से नवजोत सिंह सिद्धू की शिकायत करते हैं, इस तरह अंदरूनी कलह पर आप क्या कहना चाहेंगे। इस सवाल पर विधायक डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि ये चुनाव की तैयारियों को लेकर रिहर्सल है। करीब 6 महीने चुनाव के लिए बचे हैं इसलिए हम लोग आपस में प्रैक्टिस करते रहते हैं। दुश्मन से लड़ने के लिए अगर टीम रिहर्सल नहीं करेगी तो हार जाएगी इसलिए हम लोग इस तरह से चुनावी रिहर्सल करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications