Balwinder Gill: अमृतसर में भाजपा नेता बलविंदर गिल को मारी गोली, चेहरे के नीचे की हड्डी टूटी
Amritsar news: बलविंदर गिल पंजाब में भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महासचिव हैं। बीती रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।

BJP leader balwinder gill: पंजाब के अमृतसर में भारतीय जनता पार्टी के एससी मोर्चा के प्रदेश महासचिव बलविंदर गिल को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल बलविंदर गिल ठीक हैं और उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में कुछ हमलावरों ने बलविंदर गिल के ऊपर फायरिंग की, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें रात 10 बजे केडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल खतरे से बाहर हैं बलविंदर गिल
केडी हॉस्पिटल के डॉक्टर रणधीर ने बताया कि हमलावरों की गोली बलविंदर गिल की ठुड्डी पर लगी, जिसके बाद उनका चेहरे से खून बहने लगा। गोली लगने से बलविंदर गिल के चेहरे की नीचे की हड्डी भी टूट गई है। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर है और वो खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
बाइक पर आए थे हमलावर
पंजाब पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बलविंदर गिल जंडियाला गुरु इलाके में ही रहते हैं और रविवार को वो अपने घर पर ही थे। सूत्रों का कहना है कि रात करीब 9 बजे बाइक पर दो अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे और उनकी बेटी से अपने पिता को बाहर बुलाने के लिए कहा। दोनों हमलवारों के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। बलविंदर गिल के बाहर आते ही हमलावरों ने उनके चेहरे से सटाकर गोली मारी।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगे थे बलविंदर गिल
बताया जा रहा है कि बलविंदर गिल जालंधर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे। सूत्रों के मुताबिक, कुछ देर पहले ही भाजपा के वरिष्ठ नेता केवल कुमार के साथ चुनाव प्रचार करके वो जालंधर से लौटे थे। केवल कुमार ने बलविंदर को उनके घर के बाहर छोड़ा और चले गए। घटना के बाद अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के एसएसपी सतिंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications