पंजाब सरकार की बड़ी पहल, पालतू जानवरों को मिलेगी बेहतरीन चिकित्सा सुविधा
Punjab News: पंजाब की भगवंत मान सरकार हमेशा अपने बेहतरीन कार्यों की वजह से सुर्खियों में रहती है। अब एक नायाब पहल के कारण राज्य सरकार की तारीफ हो रही है। दरअसल, पशुपालन विभाग ने राज्य में पालतू जानवरों और पशुओं के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य में कुल 6 पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिकों (Veterinary Polyclinics) में इनडोर सेवाएं जल्द ही शुरू होने वाली है। इसकी जानकारी खुद पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने दी है।
पशुओं को मिलेंगी बेहतरीन चिकित्सा
मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने बताया कि जानवरों को बेहतरीन मेडिकल सुविधा देने के लिए 1.85 करोड़ रुपये से अधिक का फंड रिलीज किया गया है। इसके अलावा पटियाला, अमृतसर, बठिंडा, संगरूर, गुरदासपुर और लुधियाना में पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिकों में इनडोर सेवाएं शुरू करने के लिए भी पहल की गई हैं। इन पॉलीक्लिनिक द्वारा जल्द ही पालतू जानवरों और पशुओं को तीव्र बीमारी प्रबंधन, सर्जरी, पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल, लैब टेस्ट, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधाओं सहित कई तरह की इनडोर सेवाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 के दौरान, पशुओं को बकरी चेचक, खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने के लिए 2 फेज में 126.22 लाख डोज मुफ्त में दी गई हैं।

"वेटरनरी ऑफिसर की भर्ती प्रक्रिया में है"
उन्होंने कहा कि राज्य के पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने और आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए 11.81 करोड़ रुपये की लागत से फ्रोजन सेक्सड सीमन (केवल मादा बछिया पैदा करने के लिए) की 1,75,000 खुराकें भी खरीदी गई हैं। साथ ही पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए 326 नए पशु चिकित्सा अधिकारियों, 538 पशु चिकित्सा निरीक्षकों तथा 59 ग्रुप सी के पदों को भरा गया है और 405 और वेटरनरी ऑफिसर की भर्ती अभी प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा, आगे और भी पहल किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications