भगवंत मान जल्द कर सकते हैं कैबिनेट विस्तार, जानिए किन्हे मिल सकता है मंत्री पद
अमृतसर, 12 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही कैबिनेट विस्तार करने जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार बजट सत्र के बाद यह मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार में हाल ही में बर्खास्त किए गए मंत्री डॉक्टर विजय सिंगला की जगह किसी दूसरे नेता को जगह दी जा सकती है। बता दें कि पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में फिलहाल 8 मंत्री पद रिक्त हैं, जिसे इस मंत्रिमंडल विस्तार में भरा जा सकता है। रिपोर्ट की मानें तो मान सरकार 4-5 मंत्रियों को मंत्रिमंडल विस्तार मे जगह दे सकती है। मंत्री पद की रेस में सबसे आगे अमन अरोड़ा, सरबजीत कौर मानूके, डॉक्टर इंदरबीर सिंह निज्जर का नाम चल रहा है।

गौर करने वाली बात है कि भगवंत मान ने पहले ही कहा था कि मंत्रियों के काम के आधार पर ही उनका आंकलन किया जाएगा और अगर काम संतोषजनक नहीं पाया गया तो उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर भी किया जा सकता है। ऐसे में जो मंत्री अपेक्षा की कसौटी पर खरे नहीं उतरे हैं उनका पद जा सकता है। फिलहाल मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में कुल 9 मंत्री हैं। प्रदेश की कैबिनेट मे मुख्यमंत्री समेत कुल 18 मंत्री हो सकते हैं। हाल ही में विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त किया जा चुका है।
माना जा रहा है कि मान सरकार की कैबिनेट में इस बार महिला विधायकों को जगह मिल सकती है। उन महिला विधायको को तरजीह दी जाएगी जो लगातार दो बार जीतकर आईं हैं। बता दें कि पंजाब विधानसभा का बजट सत्र 24 जून से शुरू हो रहा है। 27 जून को वित्त मंत्री प्रदेश का बजट पेश करेंगे। इसके बाद बजट पर सदन में चर्चा होगी। 17 जून को बजट पेश किए जाने के बाद भगवंत मान सरकार के कैबिनेट का विस्तार संभावित है। कैबिनेट विस्तार से पहले भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल संग बैठक कर सकते हैं और उनके साथ मंत्रियों के नाम पर विचार-विमर्श कर सकते हैं। बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में कुल 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटों पर आप ने जीत दर्ज की थी।












Click it and Unblock the Notifications