Bhagwant Mann In Chhattisgarh: आम आदमी पार्टी बीजेपी का करेगी सफाया, बोले- भगवंत मान
छत्तीसगढ़ में चुनावी अभियान पर पहुंचे पंजाब के सीएम ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ के पास जंगल -जल -जमीन सब है, बस ईमानदार नेता नहीं है। झाड़ू पहले सिर्फ घर का कचरा साफ करती थी। अब पूरा हिंदुस्तान साफ करेगी। केजरीवाल जी BJP का सूपड़ा साफ कर देते हैं इसलिए उन्हें रोकने के लिए ED से गिरफ्तार करवा कर रोकना चाहते हैं।"
सीएम मान ने कहा, "हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे। आंधियों से कहो अपनी औकात में रहें।" पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। दोनों नेताओं ने मस्तूरी और कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में आप उम्मीदवार के साथ विभिन्न जगहों पर रोड शो किया और लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की।

इस दौरान भगवंत मान ने कहा कि केजरीवाल जहां भी जाते हैं वहां भाजपा साफ हो जाती है इसलिए भाजपा सरकार उन्हें जेल में डालना चाह रही है, लेकिन भाजपा की धमकी से हम डरने वाले लोग नहीं हैं। हम आंदोलन से निकले हुए लोग हैं। हम जेल जाने से नहीं डरते। मान ने कहा कि भाजपा केजरीवाल को तो गिरफ्तार करवा सकती है, लेकिन उन्होंने देश भर में जो लाखों केजरीवाल 10 साल में पैदा कर दिएए उन्हें कैसे गिरफ्तार करोगे। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है।
सीएम मान ने कहा कि हम नियत के साफ लोग हैं। हम राजनीति में पैसे कमाने नहीं आए हैं। जबकि वे लोग सत्ता में सिर्फ पैसा कमाने आते हैं। मगर आम आदमी पार्टी की प्राथमिकता सिर्फ जनसेवा है। हम यहां पैसा कमाने नहीं जनता को सशक्त बनाने आए हैं। पंजाब में हमें सिर्फ डेढ़ साल हुए हैं और इन डेढ़ सालों में हमने इतना काम कर दिया जो पिछली सरकारें कई सालों में नहीं कर पाई। राजनीतिक पार्टियां जानबूझकर हमें गरीब रखती है और हमारे बच्चों को पढ़ाई में भी सहयोग नहीं करती।












Click it and Unblock the Notifications