सुखबीर सिंह बादल पर हमले के आरोपी दबोचने वाले ASI ने बताया आंखों देखा हाल, कहा-'जब हमलावर आया तो हम सतर्क थे'
पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर में बुधवार सुबह जानलेवा हमला किया गया। सुखबीर सिंह बादल अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के गेट पर पहरेदारी कर रहे थे। इस दौरान एक शख्स ने उन पर फायरिंग की। घटना के दौरान उन्हें गोली नहीं लगी। उनके सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोच लिया।
सुखबीर सिंह बादल को डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम को माफी देने को लेकर अकाल तख्त ने दो दिन की धार्मिक सजा दी है। सजा के दूसरे दिन स्वर्ण मंदिर के गेट पर सेवादार बन बैठे थे। इस दौरान नारायण सिंह चौड़ा नामक व्यक्ति ने उन पर हमला करते हुए फायरिंग कर दी।

घटना के दौरान शूटर नारायण सिंह चौड़ा को काबू करने वाले एएसआई जसबीर सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने हमें पहले ही बता दिया था कि यहां कुछ भी गलत नहीं होना चाहिए। इसलिए हम दरबार साहिब की मर्यादा को बनाए रखते हुए पूरी सतर्कता के साथ वहां खड़े थे। हम ऐसा नहीं कर सकते।
उन्होंने बताया कि वहां हमें अधिकार नहीं है कि हम वहां किसी की तलाशी लें। वहां किसी को रोक नहीं सकते। इसलिए जब नारायण सिंह चौड़ा वहां आए तो मैं सतर्क खड़ा था। सब कुछ स्पष्ट हो गया। उन्हें घेर लिया गया। उनकी पिस्तौल छीन ली गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं स्वर्ण मंदिर में सुखबीर सिंह बादल पर चली गोली पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पंजाब पुलिस के जवानों की सतर्कता के कारण एक बड़ी घटना टल गई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और डीजीपी से संपर्क कर मैंने उन्हें घटना की गहन जांच करने का आदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि बहुत जल्द हमले के पीछे का मकसद पता चल जाएगा। हम ऐसी साजिशों की इजाजत नहीं देंगे। जिनका उद्देश्य राज्य को बदनाम करना हो। मैं इस हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। अमृतसर में 175 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कड़ी और निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को दंडित किया जाएगा।
आपको बता दें की गोली चलाने वाले की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के रूप में की गई है। जो कथित तौर पर एक पूर्व खालिस्तानी आतंकवादी है। इस पर कई तरह के मामले चल रहे हैं और वह अंडरग्राउंड है। आरोपी गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक का रहने वाला है। वह सिख संगठन दल खालसा का मेंबर है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications