Amritpal Singh News: अमृतपाल सिंह का एक और साथी दिल्ली में गिरफ्तार, बॉर्डर से सटे इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पुलिस का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। इस मामले में गुरुवार को पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने अमृतपाल सिंह के एक अन्य कथित सहयोगी को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया।

Amritpal Singh News: खालिस्तान समर्थक और 'पंजाब दे वारिस' के प्रमुख अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) के खिलाफ पुलिस का तलाशी अभियान लगातार जारी है। इस मामले में गुरुवार को पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने अमृतपाल सिंह के एक अन्य कथित सहयोगी को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ मंगलवार को तिलक विहार से बीमा एजेंट अमित सिंह को गिरफ्तार किया था।
दिल्ली के आईएसबीटी बस टर्मिनल पर अमृतपाल के दिखने की सूचना
दिल्ली के आईएसबीटी बस टर्मिनल पर अमृतपाल के देखे जाने की खुफिया सूचना मिलने के बाद से दिल्ली पुलिस और पंजाब पुलिस की टीमों ने दिल्ली और उससे सटी सीमाओं में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इनपुट्स से पता चला है कि वह साधु के वेश में हो सकता है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में चौकसी बढ़ा दी है और कुरुक्षेत्र जिले में कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह के अंतिम ठिकाने का भी पता चल गया है।
शाहाबाद में एक महिला ने अमृतपाल को दी थी शरण
पुलिस की हर संभव कोशिश के बाद भी अभी तक अमृतपाल और उसके सहयोगी पापलप्रीत सिंह का कुछ पता नहीं चल पाया है, हालांकि, उसके सीसीटीवी फुटेज लगातार सामने आ रहे हैं। 19 मार्च को कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में एक महिला ने उन्हें कथित तौर पर अपने घर में शरण दी थी। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि, 'जैसे ही हमें पता चला कि वह पंजाब से चुपके से भाग गया है, हमने तुरंत अन्य राज्यों को सतर्क कर दिया।'
अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था अमृतपाल
खुफिया एजेंसियों के इनपुट के अनुसार, खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह ने अपनी पत्नी को कैद में रखा था। इसके अलावा सिंह द्वारा लगातार अपनी पत्नी को पीटने और कई अन्य महिलाओं के साथ उसके संबंध की भी जानकारी मिली है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की एक रिपोर्ट से पता चला है कि अमृतपाल सिख सिद्धांतों का पालन किए बिना दुबई में एक शानदार जीवन जी रहा था और वह अमृतधारी सिख नहीं था। जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि सिंह ने कई बार थाईलैंड का दौरा क्यों किया।












Click it and Unblock the Notifications