Amritpal Singh: महिलाओं की बदौलत छिपा रहा अब तक अमृतपाल , हर शहर में एक 'लेडी नेटवर्क'
Amritpal Singh Arrested: खालिस्तानी समर्थक और 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह को मोगा के रोडे गांव के गुरुद्वारे से 23 अप्रैल की सुबह 6:45 पर गिरफ्तार किया गया।

Amritpal Singh Update News: खालिस्तानी अलगाववादी नेता अमृतपाल सिंह 18 मार्च 2023 से फरार था और अब जाकर 23 अप्रैल की सुबह उसे पंजाब की मोगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लगभग 36 दिनों तक 'वारिस पंजाब दे' का प्रमुख अमृतपाल सिंह पुलिस और आईबी से बचता रहा। जालंधर में पुलिस से भागने के बाद अमृतपाल सिंह ने छिपे रहने के लिए महिलाओं के नेटवर्क का इस्तेमाल किया।
अमृतपाल सिंह और उनके सहयोगी पपलप्रीत सिंह ने पटियाला से दिल्ली तक पुलिस से बचने के लिए लेडी नेटवर्क का सहारा लिया। ये सारी महिला दोस्त पपलप्रीत सिंह की थीं। भगोड़ा घोषित करने के बाद पुलिस कई बार अमृतपाल के करीब तो पहुंच पाई लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर बच जाता था।
अमृतपाल का बचने में सबसे ज्यादा साथ उनकी NRI पत्नी किरणदीप कौर ने की है। अमृतपाल और किरणदीप कौर की 11 फरवरी 2023 को शादी हुई थी।
अमृतपाल और पपलप्रीत सिंह ने पुलिस की रडार से बचने के लिए सबसे पहले पटियाला में अपनी लेडी नेटवर्क का इस्तेमाल किया। फिर दोनों ने हरियाणा में एक महिला के घर शरण ली। अमृतपाल और पपलप्रीत सिंह ने भागने की रणनीति बनाने के लिए अपने करीबी सहयोगियों से बात करने के लिए महिला और उसके भाई के फोन का इस्तेमाल किया।

महिला पपलप्रीत सिंह की करीबी दोस्त थी। बलजीत कौर के रूप में पहचानी जाने वाली महिला को हरियाणा पुलिस ने भगोड़ों को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
पटियाला के बाद पपलप्रीत सिंह छिपने के लिए दिल्ली में अपनी एक महिला दोस्त के घर पहुंचा। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल और पपलप्रीत 21 मार्च को पूर्वी दिल्ली में एक महिला के घर में छिपे थे। ये महिला पहली बार किसान आंदोलन के दौरान पपलप्रीत से मिली थी और दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। हालांकि महिला ने बाद में बताया था कि उसे नहीं पता था कि पपलप्रीत सिंह अमृतपाल का दोस्त था।
21 मार्च 2023 के सीसीटीवी फुटेज में भी अमृतपाल सिंह को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में टहलते हुए देखा गया था। वीडियो में वह बिगा पग के नजर आया था। पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने मीडिया को पुष्टि की थी कि फुटेज में दिख रहा शख्स अमृतपाल सिंह है, और जो उसके पीछे-पीछे चल रहा है वो पपलप्रीत सिंह है।

पपलप्रीत सिंह की 10 से अधिक महिला दोस्त पुलिस की रडार पर थीं। पुलिस उन महिलाओं के फोन सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार नजर बनाए हुए थे। लेकिन बलजीत कौर के हरियाणा में गिरफ्तार होने के बाद से अमृतपाल और पपलप्रीत सिंह सर्तक हो गए थे। दोनों ने अपने फोन का इस्तेमाल करना बंद कर दिया था और हमेशा उन लोगों के फोन का इस्तेमाल करते थे जिनके घर में छिपते थे।
हालांकि अब एक महीने से ज्यादा दिनों की कोशिश के बाद आखिरकर अमृतपाल 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने अमृतपाल को NSA के तहत गिरफ्तार किया है और असम की डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया है। वहीं पपलप्रीत सिंह 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। वो भी डिब्रूगढ़ जेल में बंद है।












Click it and Unblock the Notifications