Amritpal Singh: गिरफ्तारी या सरेंडर....? अमृतपाल सिंह सबूत के तौर पर छोड़ गया है वीडियो
Amritpal Singh News: पंजाब के IGP सुखचैन सिंह गिल ने कहा, ''हमको पता था कि अमृतपाल सिंह रोडे गांव के गुरुद्वारे में मौजूद है। हमने ऑपरेशन चलाकर 23 अप्रैल की सुबह 6:45 पर गिरफ्तार किया था।''

Amritpal Singh arrest vs surrender: 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पंजाब पुलिस का कहना कि मोगा पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर अमृतपाल को गिरफ्तार किया। दूसरी ओर अमृतपाल के समर्थकों को कहना है कि ये सरेंडर है। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अमृतपाल कह रहा है कि वो '23 अप्रैल' को सरेंडर करेगा।
मोगा के रोडेवाला गुरुद्वारा के ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी जसबीर सिंह ने भी कहा है कि जब अमृतपाल 22 अप्रैल की रात मोगा के रोडेवाला गुरुद्वारा में आया तो उसने कहा था कि वह 23 अप्रैल की सुबह 7 बजे सरेंडर करेगा। वहीं पंजाब पुलिस का कहना है कि उन्होंने 23 अप्रैल की सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर रोडेवाला गुरुद्वारे के बाहर अमृतपाल को गिरफ्तार किया गया।
इसी बीच अमृतपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गिरफ्तारी देने से पहले अपने अनुयायियों को आखिरी संदेश देते हुए इस वीडियो में अमृतपाल कहते हैं, ''मुझे विश्वास है कि मैं अपने गुरुओं की कृपा से, एक दिन अपने लोगों के बीच फिर से आ सकूंगा। मैं चाहता हूं कि मेरे जेल जाने के बाद भी आंदोलन जारी रहे।''
अमृतपाल ने आगे कहा, ''महीने तक पुलिस ने जिस तरह से मेरा पीछा किया है, उससे उनका असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। क्योंकि पुलिस की कोशिश मुझे गिरफ्तार करने जैसी नहीं लग रही थी। गिरफ्तारी का डर मुझे पहले भी नहीं था और ना अब है।''
अमृतपाल सिंह ने कहा, ''राज्य सरकार द्वारा मेरे समर्थकों को प्रताड़ित किया जा रहा है तो ऐसे में वह भाग नहीं सकते। मेरे पास अन्य देशों में जाने का भी ऑफर है लेकिन मैंने सरेंडर करने का फैसला किया है। और यह उस स्थान पर शुरू होगा, जहां से सबकुछ शुरू हुआ था।''
अमृतपाल सिंह कहते हैं, ''मेरी दस्तारबंदी (जब सिख लड़के के सिर पर पहली बार पगड़ी बांधी जाती है) संत जरनैल सिंह भिंडरावाले के जन्मस्थान पर बने इस गुरुद्वारे में की गई थी। गुरु का आशीर्वाद लेने के बाद ही मैं अपनी गिरफ्तारी पुलिस को दूंगा।''
वीडियो में अमृतपाल सिंह को ये भी कहते हुए सुना जा सकता है कि वह 23 अप्रैल को आत्मसमर्पण करेगा। बता दें कि रोडेवाला गुरुद्वारा में ही 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख के तौर पर अमृतपाल सिंह की दस्तारबंदी की गई थी।
गिरफ्तारी बनाम सरेंडर की इस बहस के बीच ये वीडियो आने के बाद कहा जा रहा है कि अमृतपाल ने सरेंडर किया है। क्योंकि वीडियो में पहले से ही 23 अप्रैल की तारीख का जिक्र किया गया है।
रोडेवाला गुरुद्वारे में भी सिखों को संबोधित करते हुए अमृतपाल ने सरेंडर करने का ऐलान किया था। पिछले एक महीने से जब अमृतपाल का पता नहीं चल रहा था तो वह वीडियो संदेश जारी कर अपनी कहानी बताते रहते थे कि वो देश छोड़कर नहीं भागे हैं।












Click it and Unblock the Notifications