नवजोत सिद्धू को मंत्री बनाने के लिए मेरे पास पाकिस्तान के पीएम का मैसेज आया था: अमरिंदर सिंह
चंडीगढ़, 24 जनवरी: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को मंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने सिफरिश की थी। सोमवार को एक प्रेस वार्ता में कैप्टन ने ये बात कही है। उन्होंने बताया है कि जब वो कांग्रेस से सीएम थे और सिद्धू को उन्होंने कैबिनेट से निकाल दिया था तो उसके बाद उनके पास पाकिस्तान के सीएम का संदेश आया था।
Recommended Video

अमरिंदर सिंह ने कहा, पाकिस्तान से मुझे मैसेज आया कि प्रधानमंत्री ने एक निवेदन किया है कि अगर आप नवजोत सिंह सिद्धू को अपने मंत्रीमंडल में वापस ले लेते हैं तो मैं इसके लिए शुक्रगुजार रहूंगा। वे हमारे पुराने मित्र है। आप उनको मंत्री बना दें, अगर वे काम ना करें तो उन्हें कैबिनेट से निकाल देना।
सिद्धू और अमरिंदर के बीच लंबे समय से चल रही प्रतिद्वंदिता
2017 में पंजाब में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो कैप्टन अमरिंदर सिंह सीएम बने थे और भाजपा से आए नवजोत सिंह सिद्धू मंत्री बनाए गए थे। इसके बाद से सिद्धू और अमरिंदर सिंह के बीच खटपट की खबरें आने लगी थीं। कैप्टन ने सिद्धू को मंत्रीपद से हटा भी दिया था। जिसके बाद सिद्धू काफी दिन तक सार्वजनिक सभाओं में भी नहीं दिखे थे। बीते साल कांग्रेस ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया था और अमरिंदर सिंह की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया था।
मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह लगातार नवजोत सिंह सिद्धू पर हमलावर हैं। अमरिंदर लगातार ये कहते रहे हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के अच्छे दोस्त हैं क्योंकि दोनों ने एक ही समय में क्रिकेट खेला है। अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ने के बाजद पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से पार्टी बना ली है और बीजेपी के साथ गठबंधन कर पंजाब का विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
पंजाब की सभी 117 सीटों पर 20 फरवरी को एक चरण में मतदान होना है 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी और नतीजों का ऐलान किया जाएगा। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी। इस बार कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है। कांग्रेस के सामने में पंजाब में आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और पंजाब लोक कांग्रेस-भाजपा गठबंधन की चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications