'बंगाल के बाद अब पंजाब है भाजपा का निशाना', संजय सिंह ने धमाकों को बताया चुनावी रणनीति का हिस्सा

Sanjay Singh: पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए बम ब्लास्ट को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव "लूटने" के बाद अब भाजपा का अगला निशाना पंजाब है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अमन-चैन बिगाड़ने, लोगों के बीच नफरत फैलाने और झगड़े कराने के लिए ही भाजपा "मिशन पंजाब" चला रही है।

गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान संजय सिंह ने कहा कि अमृतसर और जालंधर में हुए बम ब्लास्ट भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आईएसआई के बीच गहरा रिश्ता है और आईएसआई के जरिए देश में ब्लास्ट और अशांति फैलाने का काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की "नफरती राजनीति" सफल नहीं होगी और अगर राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश की गई तो जनता जवाब देगी।

Sanjay Singh AAP

2017 के मौड़ ब्लास्ट का भी किया जिक्र

संजय सिंह ने कहा कि बुधवार को पंजाब में दो जगहों पर बम ब्लास्ट हुए और उसके बाद भाजपा नेताओं की बयानबाजी शुरू हो गई। उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हुए मौड़ ब्लास्ट का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि उस समय पंजाब में अकाली दल और भाजपा की सरकार थी और आज तक उस मामले का सच सामने नहीं आया।

उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद भाजपा "मिशन पंजाब" की बात कर रही है। उनके मुताबिक भाजपा का मिशन पंजाब में ब्लास्ट, नफरत और अशांति फैलाना है।

पुलवामा और पहलगाम का उठाया मुद्दा

प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने पुलवामा हमले और पहलगाम की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलवामा हमले में इस्तेमाल हुआ 350 किलो आरडीएक्स भारत की सीमा में कैसे पहुंचा, इसका जवाब आज तक नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि पहलगाम में महिलाओं का सिंदूर उजड़ गया, ऑपरेशन सिंदूर भी हो गया, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ कि वहां से सुरक्षा किसके आदेश पर हटाई गई थी। उनका कहना था कि जम्मू-कश्मीर की कानून व्यवस्था भाजपा के हाथ में है, फिर भी आतंकवादी हमला हो गया और जवाबदेही तय नहीं हुई।

पठानकोट हमले को लेकर भी लगाए आरोप

संजय सिंह ने कहा कि पठानकोट आतंकी हमले के बाद जांच के लिए आईएसआई को भारत बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला मोदी सरकार के दौरान हुआ और भाजपा का आईएसआई से "पुराना रिश्ता" रहा है।

उन्होंने कहा कि वही आईएसआई अलग-अलग आतंकी घटनाओं में शामिल रही है और भाजपा पर आरोप लगाया कि वह उसी के जरिए देश का माहौल खराब कराने का काम करती है।

"पंजाब की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी"

आप सांसद ने कहा कि अमृतसर और जालंधर में हुए ब्लास्ट भाजपा की चुनावी राजनीति की शुरुआत हैं। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की गई तो वहां की जनता चुनाव में जवाब देगी और भाजपा की जमानत जब्त करा देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देशभर में दंगे, नफरत और साजिश की राजनीति करती है, लेकिन पंजाब में ऐसा प्रयोग सफल नहीं होगा।

मणिपुर और बंगाल हिंसा का भी किया जिक्र

संजय सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान मणिपुर हिंसा और पश्चिम बंगाल की राजनीतिक घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मणिपुर पिछले तीन साल से जल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा को इसकी चिंता नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद वहां हिंसा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद के दावेदार शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या हुई, तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर हमले हुए और दफ्तरों में तोड़फोड़ की गई। उनके मुताबिक भाजपा "बदले की राजनीति" कर रही है।

भाजपा पर फिर लगाए आईएसआई से रिश्तों के आरोप

संजय सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी का नाम लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ने के मामले में सामने आया था। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में भी कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के आईएसआई से रिश्तों की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा को आईएसआई से जोड़े जाने पर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश अब उनकी राजनीति और रणनीति को समझने लगा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+