आप के विधायक को फोन कर कहा- 2 दिन में तुझे गोली मार दूंगा, पंजाब पुलिस तलाश में जुटी
लहरा (पंजाब)। आम आदमी पार्टी की सरकार बने एक महीना भी नहीं हुआ कि विधायकों को जान से मार डालने की धमकियां मिलने लगी हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक बरिंदर गोयल को फोन कर गोली मारने की धमकी दी गई है। बरिंदर गोयल पंजाब के लहरा से विधायक हैं।

आप के विधायक को जानलेवा धमकी
विधायक बरिंदर गोयल ने बताया कि, "किसी ने फोन करके मुझे 2 दिन में गोली मारने की धमकी दी है। धमकी देने वाला गालियां भी बक रहा था। इस मामले में हमने पुलिस से मांगी है।" डीएसपी मनोज गोरसी ने कहा कि, आरोपी को खोज रहे हैं। जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई थी, उसकी जांच शुरू कर दी है। उक्त नंबर की लोकेशन भी चेक की जा रही है।
'दो दिन में गोली मार दूंगा'
विधायक के मुताबिक, रात को जब 9:15 बजे थे, तब उनके मोबाइल पर फोन आया, जिसे पीए राकेश गुप्ता ने उठाया। फोन करने वाले ने उधर से गालियां देनी शुरू कर दीं। वह बोला कि, "गोली मार दूंगा।" उसने दो दिन में गोली मार देने की धमकी दी।

विधायक का कहना है कि, मैंने धमकी को गंभीरता से लिया है क्योंकि 30 वर्षों के राजनीतिक करियर में कई बार जान से मारने की धमकी मिली है। एक बार तो गोली चलाई भी गई थी, जिसमें बच गए थे।
आम आदमी पार्टी के विधायक बरिंदर गोयल के पीए ने कहा कि, पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति का नंबर लेकर जांच शुरू कर दी है। बरिंदर के बारे में पीए ने बताया कि, वह रोजाना लोगों की समस्याओं को सुनकर हलके की सेवा में लगे हैं। वे सबका ख्याल रखते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications