'कौन उन्हें मना करेगा', केजरीवाल की राज्यसभा उम्मीदवारी पर AAP सांसद संजीव अरोड़ा का बयान, जानिए क्या बताया?
AAP MP Sanjeev Arora on Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के एक बयान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा में जाने की संभावनाओं को लेकर नई अटकलें तेज कर दी हैं। अरोड़ा, जो लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए AAP के उम्मीदवार भी हैं, उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल चाहें तो पंजाब से राज्यसभा की सीट उनके लिए खाली की जा सकती है।
संजीव अरोड़ा ने सोमवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, "यह जरूरी नहीं कि कोई विधायक चुनाव लड़े, सीट खाली हो जाएगी और फिर वह (अरविंद केजरीवाल) राज्यसभा जाएंगे।" उन्होंने आगे कहा, "अगर वह चाहें, तो पंजाब से राज्यसभा में मौजूद सात सांसदों में से कोई भी अपनी सीट खाली करने के लिए तैयार है। उन्हें कौन मना करेगा?"

हालांकि, अरोड़ा ने जोर देकर कहा कि केजरीवाल ने अभी तक राज्यसभा में जाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
Arvind Kejriwal: संजीव अरोड़ा के उपचुनाव लड़ने से बढ़ीं अटकलें
लुधियाना पश्चिम सीट AAP विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी और अब संजीव अरोड़ा इस उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार हैं। संजीव अरोड़ा 2022 में छह साल के लिए राज्यसभा सांसद बने थे, लेकिन अगर वह विधानसभा चुनाव जीतते हैं, तो उन्हें राज्यसभा से इस्तीफा देना होगा।
इस स्थिति में कयास लगाएं जा रहे हैं कि उनकी सीट अरविंद केजरीवाल के लिए खाली हो सकती है और वह उच्च सदन में जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है।
Arvind Kejriwal: दिल्ली चुनाव में हार के बाद अटकलें तेज
दिल्ली विधानसभा में हार के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा में जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही है। पंजाब विधानसभा में AAP के पास बहुमत है, जिससे पार्टी के लिए राज्यसभा सीट हासिल करना आसान हो सकता है। अगर केजरीवाल उच्च सदन में जाते हैं, तो यह राष्ट्रीय राजनीति में उनकी उपस्थिति को बनाए रखने के लिए एक रणनीतिक कदम हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications