पुणे में फिर तेंदुए का खौफ, दबे पांव आकर पालतू कुत्ते को मुंह में दबाकर भागा, Video
Pune News: महाराष्ट्र के पुणे में एक बार फिर तेंदुए का आतंक बढ़ गया। तेंदुए के हमले से ग्रामीणों के बीच डर का माहौल है। जी हां...पुणे के जुन्नर तहसील में तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया और उसे खींचकर ले गया। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पालतू कुत्ते को मुंह में दबाकर भागते हुए तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद जुन्नार तहसील के लोग एक बार फिर से डर के साये में जी रहे हैं। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, तेंदुए का ताजा हमला शनिवार देर रात नारायणगांव के पास वारुलवाड़ी इलाके में हुआ है। सामने आई सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रात 11 बजे तेंदुआ एक अंधेरी गली से निकल रहा है।

इस दौरान तेंदुआ एक पालतू कुत्ते को अपने मुंह में दबाता है और भाग जाता है। वहीं, दूसरे कुत्ते ने गली तक तेंदुए का पीछा भी किया। लेकिन वह अपने शिकार को लेकर भागने में सफल हो जाता है। बता दें कि पालतू कुत्ता एक स्थानीय व्यक्ति का था, जिसे तेंदुआ अपने दबोचकर ले गया था।
इस घटना से गांव वाले काफी डरे हुए हैं और उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि एक महीने पहले, पुणे के बाहरी इलाके में राजारामबापू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर में एक तेंदुआ देखा गया था, जिसके बाद वन और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया था।
इस तलाशी अभियान में वन्यजीव विशेषज्ञ भी शामिल थे। जून में जुन्नार पुणे की चार तहसीलों में से एक है, जिन्हें "संभावित तेंदुआ आपदा-प्रवण क्षेत्र" घोषित किया गया था। यह घोषणा इन तहसीलों के 233 गांवों को कवर करती है, जिनमें अम्बेगांव, खेड़ और शिरुर शामिल हैं।
तेंदुओं की आबादी को नियंत्रित करने के प्रयास
राज्य वन विभाग ने 47 तेंदुओं की नसबंदी के लिए केंद्रीय वन मंत्रालय में वन्यजीव के अतिरिक्त महानिदेशक से मंजूरी मांगी है। इस उपाय का उद्देश्य तेंदुओं की बढ़ती आबादी को नियंत्रित करना और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना है। बार-बार देखे जाने और हमलों ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है और वे अपने घरों में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications