प्रतापगढ़: SDM विनीत उपाध्याय को किया गया सस्पेंड, डीएम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा बैठे थे धरने पर
प्रतापगढ़। डीएम सहित कई अधिकारियों पर कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को धरने पर बैठने वाले अतिरिक्त एसडीएम विनीत उपाध्याय सस्पेंड कर दिया गया है। एसडीएम के खिलाफ यह कार्रवाई अनुशासनहीनता के कारण की गई है। फिलहाल उन्हें राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया और मामले की जांच प्रयागराज मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार को सौंप दी गई है। बता दें, एसडीएम विनीत शुक्रवार को पत्नी के साथ करीब 4 घंटे तक डीएम आवास पर धरने पर बैठे रहे थे। इस दौरान डीएम ने विनीत उपाध्याय को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। हालांकि, बाद में अन्य अधिकारियों ने समझाकर धरना खत्म कराया।

अतिरिक्त एसडीएम ने डीएम और एसडीएम पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
अतिरिक्त एसडीएम विनीत उपाध्याय ने शुक्रवार को डीएम डॉक्टर रूपेश कुमार, एडीएम शत्रोहन वैश्य और लालगंज के पूर्व एसडीएम मोहनलाल गुप्ता पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। एसडीएम ने लालगंज के एक कॉलेज प्रबंधक के फर्जीवाड़े को दबाने का आरोप भी डीएम और एडीएम पर लगाया है। एसडीएम का कहना है कि ये अधिकारी भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इसके साथ ही मातहतों के भ्रष्टाचार को दबाने के प्रयास में हैं। अतिरिक्त एसडीएम विनीत उपाध्याय पत्नी और बच्चे के साथ डीएम कैंप कार्यालय पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।
मामले ने पकड़ा तूल
अतिरिक्त एसडीएम के धरने की सूचना पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को डीएम आवास के बाहर ही रोक दिया गया। उधर, डीएम आवास छोड़ कर चले गए। दूसरी तरफ सपा कार्यकर्ता एसडीएम के समर्थन में डीएम आवास पहुंच गए। हालांकि, सपाईयों को भी मुख्य गेट के बाहर ही रोक दिया गया। तो वहीं, अब एसडीएम विनीत उपाध्याय के डीएम आवास पर धरने पर बैठने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
एसडीएम ने खासे नाराज हैं सीएम योगी!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ के डीएम और एडीएम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर धरने पर बैठने वाले एसडीएम विनीत उपाध्याय से खासे नाराज हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, विनीत उपाध्याय पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। इससे पहले एसडीएम उपाध्याय को धरने से उठाने के लिए डीएम ने पुलिस फोर्स बुलाई थी। सीओ समेत भारी पुलिस बल डीएम आवास के अंदर मौजूद रहे और काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा।
क्या है पूरा मामला?
मामला प्रतापगढ के लालगंज इलाके की जमीन पर स्कूल की मान्यता से जुड़ा बताया जा रहा है। जिस जमीन पर स्कूल होने की बात कहकर मान्यता ली गई, वहां स्कूल न होकर दूसरी जगह संचालित हो रहा है। इस मामले की शिकायत आने के बाद एसडीएम अतिरिक्त विनीत उपाध्याय ने जांच करवाई, जिसके बाद ये खुलासा हुआ। विनीत उपाध्याय ने जांच रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी। आरोप है ये फाइल शासन को न भेज कर दबा दी गई। इसी बात को लेकर विनीत उपाध्याय धरने पर बैठे थे।












Click it and Unblock the Notifications