थाने में निकले सांप को दरोगा ने ऐसे किया काबू, वीडियो वायरल
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के एक थाने में सांप निकलने से हड़कंप मच गया। थाने में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फरियादी और पुलिसवाले इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान किसी ने दरोगा सुशील मिश्रा को सूचना दी। दरोगा सुशील मिश्रा मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ने में जुट गए। दरोगा ने महज कुछ ही मिनटों में सांप को दबोच लिया। इसके बाद सांप को एक डिब्बे में बंद कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

दरोगा ने सांप को पकड़कर डिब्बे में किया बंद
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दरोगा सुशील मिश्रा सांप को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सांप ईंटों के बीच छिपा रहता है। वहां मौजूद एक अन्य शख्स डर-डर के ईंट उठाता है, इसके बाद दरोगा सुशील मिश्रा हाथ में लिए एक डंडे से सांप को ईंटों से बाहर निकालते हैं और दूसरे हाथ में मौजूद डिब्बे में सांप को डाल देते हैं।
सोते समय युवक के पैंट में घुस गया था सांप
बता दें, बीते दिनों उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक जहरीला सांप युवक के जींस पैंट में घुस गया था। सांप आधी रात में उस वक्त युवक के पैंट में घुसा जब वह सो रहा था। युवक अपनी जान बचाने के लिए करीब 3 घंटे तक एक खंभा पकड़कर बिना हिले खड़ा रहा। इसके बाद सुबह होते ही सपेरे को बुलाया गया। सपेरे ने किसी तरह बीन बजाकर सांप को युवक के पैंट से बाहर निकाला। इसके बाद युवक की जान में जान आई।












Click it and Unblock the Notifications