Omicron के खतरे के बीच चुनावी रैलियों को लेकर वरुण गांधी का तंज, कहा- रात में कर्फ्यू दिन में रैली समझ से परे
पीलीभीत, 27 दिसंबर: भाजपा सांसद वरुण गांधी अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच यूपी में नाइट कर्फ्यू लगाने और दिन में विशाल जनसभाओं, चुनावी रैलियों को लेकर वरुण गांधी ने एक बार फिर सवाल उठाए हैं। बीजेपी सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि रात में कर्फ्यू लगाना और दिन में रैलियों में लाखों लोगों को बुलाया को बुलाना समझ से परे हैं।
Recommended Video

वरुण गांधी ने ट्वीट कर कही ये बात
वरुण गांधी ने ट्वीट किया, ''रात में कर्फ्यू लगाना और दिन में रैलियों में लाखों लोगों को बुलाना- यह सामान्य जनमानस की समझ से परे है। उत्तर प्रदेश की सीमित स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के मद्देनजर हमें इमानदारी से यह तय करना पड़ेगा कि हमारी प्राथमिकता भयावह ओमीक्रोन के प्रसार को रोकना है अथवा चुनावी शक्ति प्रदर्शन।''
यूपी में 25 दिसंबर से नाइट कर्फ्यू है लागू
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा अब देश में बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पहले मध्य प्रदेश फिर उत्तर प्रदेश में नाइट कर्फ्यू को ऐलान किया गया है। यूपी में 25 दिसंबर से रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक लोगों के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके अलावा शादी पार्टी जैसे सार्वजनिक आयोजनों में भी कोविड प्रोटोकॉल के साथ अधिकतम 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है।
चुनावी रैलियों में उड़ रही कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां
कोरोना के खतरे के बावजूद उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में चुनावी रैलियां आयोजित की जा रही हैं। सत्ताधारी बीजेपी हो या समाजवादी पार्टी, बसपा हो या कांग्रेस सभी राजनीतिक दल बड़ी-बड़ी रैलियां और विशाल जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। खुद नेता, मंत्री भी इन नियमों की खुलकर अनदेखी करते हुए देखे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications